कराटे प्रतियोगिता में गुंजन नागले ने जीता स्वर्ण पदक, महाविद्यालय का बढ़ाया गौरव
शासकीय महिला पॉलिटेक्निक महाविद्यालय की छात्रा गुंजन नागले ने कराटे प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया है। उनकी इस उपलब्धि से महाविद्यालय सहित जिले का गौरव बढ़ा है। तीन नवंबर को लक्ष्मी नारायण कॉलेज ऑफ टेक्नोलॉजी एंड साइंस (LNCTS), भोपाल में आयोजित RGPV नोडल लेवल कराटे टूर्नामेंट 2026-27 में गुंजन नागले ने उत्कृष्ट खेल कौशल का परिचय देते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम किया। प्रतियोगिता में विभिन्न संस्थानों के प्रतिभागियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली, जिसमें गुंजन ने शानदार प्रदर्शन कर प्रथम स्थान प्राप्त किया।
इस उपलब्धि पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रमोद शर्मा ने गुंजन को बधाई देते हुए कहा कि खेल एवं अन्य सह-पाठ्यक्रम गतिविधियां छात्राओं के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने छात्रा के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए अन्य छात्राओं को भी खेल गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया। महाविद्यालय परिवार ने भी गुंजन नागले की इस सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं और भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की अपेक्षा जताई।
#JansamparkMP #CMMadhyaPradesh #MadhyaPradesh #sehore
11 views | Sehore, Madhya Pradesh | Nov 4, 2026