• अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई
• विभिन्न स्थानों से एक लाख 33 हजार से अधिक की शराब एवं महुआ लाहन जब्त
जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, संग्रहण, परिवहन एवं बिक्री के विरुद्ध आबकारी विभाग द्वारा लगातार विशेष अभियान चलाकर कार्रवाई की जा रही है। विभाग की अलग-अलग टीमों ने जिले के विभिन्न गांवों में दबिश देकर कुल 7 प्रकरण दर्ज किए और बड़ी मात्रा में अवैध शराब एवं महुआ लाहन जब्त किया।
प्रभारी जिला आबकारी अधिकारी श्री राजेश विश्वकर्मा ने बताया कि प्राप्त सूचनाओं एवं शिकायतों के आधार पर वृत्त आष्टा, सीहोर, बुदनी एवं भैरूंदा क्षेत्र में कार्रवाई की गई। ग्राम जावर में दबिश देकर 15 पाव देशी मदिरा जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया। वहीं शिकारपुर में 10 लीटर अवैध हाथ भट्टी मदिरा जब्त कर एक आरोपी के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई।
इसी तरह ग्राम बागलीखेड़ा (पांगरी) में किराना दुकान पर दबिश देकर 28 पाव देशी मदिरा, 2 पाव विदेशी मदिरा एवं 2 बोतल बीयर जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। ग्राम पुरी में 6 लीटर हाथ भट्टी कच्ची मदिरा जब्त कर प्रकरण दर्ज किया गया। इसके अलावा ग्राम सिंहरपुर एवं सिंहरपुर पठार में तीन अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर अवैध शराब निर्माण के लिए तैयार लगभग 1200 किलोग्राम महुआ लाहन एवं 30 लीटर हाथ भट्टी मदिरा जब्त की गई। मौके से आरोपी फरार होने एवं नाम-पता ज्ञात नहीं होने पर अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया गया।
विभाग द्वारा जब्त महुआ लाहन को मौके पर विधिवत नष्ट किया गया तथा सभी प्रकरणों में बरामद मदिरा को कब्जे में लिया गया। इस कार्रवाई में कुल 7 प्रकरण दर्ज कर 43 पाव देशी मदिरा, 2 पाव विदेशी मदिरा, 2 बोतल बीयर, 46 लीटर अवैध हाथ भट्टी मदिरा एवं 1200 किलोग्राम महुआ लाहन जब्त किया गया। जब्त सामग्री का अनुमानित बाजार मूल्य 1 लाख 33 हजार 440 रुपये आंका गया है।
इस कार्रवाई में सहायक जिला आबकारी अधिकारी श्रीमती संगीता नायक, आबकारी उपनिरीक्षक श्री माधव कुंडल, आबकारी सुश्री रिया जैन, मुख्यं आरक्षक श्री वैभव नागवंशी, आबकारी आरक्षक श्री आकाश कोरी, श्री सत्यलवान वर्मा, सुश्री शिखा चौरे सहित नगर सैनिकों का सराहनीय योगदान रहा।
#JansamparkMP #CMMadhyaPradesh #MadhyaPradesh #sehore
18 views | Sehore, Madhya Pradesh | Nov 4, 2026