जाट धर्मशाला सभा की सराहनीय पहल, अभ्यर्थियों के लिए किया गया नि:शुल्क ठहरने प्रबंध
अग्निवीर भर्ती में आने वाले युवाओं को मिलेगी ठहरने की नि:शुल्क सुविधा : प्रधान दिलबाग सिंह सांगवान
भिवानी, 01 सितंबर : दो से 15 सितंबर तक स्थानीय भीम स्टेडियम में आयोजित होने वाली अग्निवीर भर्ती रैली को लेकर स्थानीय जाट धर्मशाला सभा ने युवाओं के लिए एक सराहनीय और जनकल्याणकारी पहल की है। भर्ती रैली में भाग लेने के लिए प्रदेशभर से पहुंचने वाले हजारों युवाओं को रहने या ठहरने की समस्या से न जूझना पड़े, इसके लिए जाट धर्मशाला में नि:शुल्क व समुचित प्रबंध किए गए हैं। जाट धर्मशाला सभा भिवानी के प्रधान दिलबाग सिंह सांगवान ने इस व्यवस्था की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि अग्निवीर बनने का सपना लेकर भिवानी पहुंचने वाले युवा हमारे अपने बच्चे हैं और देश सेवा के उनके इस जज्बे का सम्मान करना हम सभी का दायित्व है। उन्होंने कहा कि दूर-दराज के इलाकों से आने वाले अभ्यर्थियों को अक्सर रात्रि विश्राम और मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान होना पड़ता है। इसी को ध्यान में रखते हुए धर्मशाला समिति ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया है कि 2 से 15 सितंबर तक भर्ती रैली में आने वाले सभी युवाओं के लिए ठहरने की पूरी व्यवस्था नि:शुल्क रहेगी। उन्होंने बताया कि युवाओं के रात्रि विश्राम और ठहरने के लिए विशाल व स्वच्छ हॉल की व्यवस्था, शुद्ध पेयजल, शौचालय और स्नानघर का समुचित प्रबंध भी किए गए है। प्रधान दिलबाग सिंह सांगवान ने युवाओं को आश्वस्त करते हुए कहा कि धर्मशाला में आने वाले अभ्यर्थियों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी। प्रबंधन समिति की ओर से सफाई और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं ताकि युवा बिना किसी मानसिक तनाव के अपनी शारीरिक दक्षता परीक्षा और भर्ती प्रक्रिया पर ध्यान केंद्रित कर सकें। जाट धर्मशाला की इस सेवाभावी पहल की शहरवासियों और युवाओं द्वारा जमकर सराहना की जा रही है। समाजसेवियों का मानना है कि इस तरह के सकारात्मक प्रयासों से देश सेवा का जज्बा लेकर आने वाले युवाओं का मनोबल बढ़ता है।