सीएम विंडो की झूठी शिकायतों पर चिकित्सकों के उत्पीडऩ के खिलाफ सामाजिक चिकित्सक महासंघ में भारी आक्रोश, आंदोलन की दी चेतावनी
जांच के नाम पर आर्थिक व मानसिक शोषण बर्दाश्त नहीं : डा. विजेंद्र मुवाल
भिवानी, 01 सितंबर : सामाजिक चिकित्सक महासंघ हरियाणा की एक अहम बैठक सिवानी स्थित डा. सोम वधवा के क्लीनिक पर आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सिवानी ब्लॉक अध्यक्ष डा. सोम वधवा ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में महासंघ के जिला अध्यक्ष डा. सुदेश रतेरिया, विशिष्ट अतिथि जिला महासचिव डा. विजेन्द्र मुवाल और डा. विनोद चांगिया उपस्थित रहे। बैठक में भिवानी जिले में सीएम विंडो पर मिलने वाली फर्जी शिकायतों की आड़ में चिकित्सकों पर की जा रही पुलिस व स्वास्थ्य विभाग की मनमानी और उत्पीडऩ पर कड़ा ऐतराज जताया गया। बैठक को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष डा. सुदेश रतेरिया ने कहा कि जिले में सीएम विंडो की झूठी शिकायतों के आधार पर चिकित्सकों पर की जा रही कार्रवाई पूरी तरह गलत और अन्यायपूर्ण है। पुलिस प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीमें चिकित्सकों को नाजायज तरीके से परेशान करती हैं। बिना किसी निष्पक्ष पड़ताल के सीधे जेल में डाल दिया जाता है और दवाइयां जब्त कर ली जाती हैं। बाद में जांच में अधिकांश मामले झूठे साबित होते हैं, लेकिन तब तक चिकित्सक का भारी आर्थिक और मानसिक शोषण हो चुका होता है। महासंघ के जिला महासचिव डा. विजेन्द्र मुवाल ने पदाधिकारियों को बताया कि चिकित्सकों के उत्पीडऩ के इस गंभीर मुद्दे को लेकर महासंघ का 20 सदस्यीय प्रदेश प्रतिनिधिमंडल हाल ही में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मिला था। मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल को स्पष्ट आश्वासन दिया था कि भविष्य में चिकित्सकों पर ऐसी एकतरफा व मनमानी कार्रवाई नहीं होगी। साथ ही शिकायतों के निष्पक्ष निस्तारण के लिए जल्द ही एक विशेष स्वास्थ्य बोर्ड का गठन किया जाएगा, जिससे सभी चिकित्सकों को बड़ी राहत मिलेगी। सिवानी ब्लॉक अध्यक्ष डा. सोम वधवा ने प्रशासन को दो-टूक चेतावनी देते हुए कहा कि सीएम विंडो पर मिलने वाली किसी भी शिकायत पर तुरंत गिरफ्तारी या जब्ती के बजाय पहले संबंधित चिकित्सक को बुलाकर मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी यदि प्रशासन ने एकतरफा उत्पीडऩ बंद नहीं किया, तो सामाजिक चिकित्सक महासंघ सरकार और बेलगाम अधिकारियों के खिलाफ बड़ा प्रदर्शन करने को बाध्य होगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित प्रशासन की होगी। वरिष्ठ चिकित्सक डा. कृष्ण वर्मा ने भी बैठक में कहा कि आधारहीन शिकायतों के चलते चिकित्सकों के भीतर गहरा आक्रोश पनप रहा है। इस बैठक में डॉ. सत्यवान, डॉ. छोटूराम, डॉ. मांगे राम, डॉ. संजय, डॉ. सतीश कुमार, डॉ. रविन्द्र कुमार, डॉ. ओमप्रकाश, डॉ. अजीत कुमार और डॉ. दीपक वधवा सहित क्षेत्र के कई अन्य चिकित्सक प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।