नेहरा खाप के प्रधान सत्यनारायण नेहरा की माता की स्मृति में भगत सिंह चौकी पर रोपी त्रिवेणी
दिवंगत आत्माओं की स्मृति को पर्यावरण से जोडऩा सर्वोत्तम कार्य :त्रिवेणी बाबा
भिवानी, 01 सितंबर : पर्यावरण संरक्षण को जनांदोलन का रूप देने में जुटे त्रिवेणी बाबा ने स्थानीय सिटी स्टेशन रोड स्थित भगत सिंह चौक पर एक विशेष पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया। यह त्रिवेणी नेहरा खाप के प्रधान सत्यनारायण नेहरा की माता स्व.मूर्ति देवी पत्नी श्री सरजीत सिंह नेहरा की पावन स्मृति में रोपी गई है। कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण प्रहरी हवलदार लोकराम नेहरा ने इस त्रिवेणी के लालन-पालन और पूर्ण देखभाल की नैतिक जिम्मेदारी अपने कंधों पर ली। इस अवसर पर क्षेत्र के अनेक पर्यावरण प्रेमियों ने बढ़-चढकऱ भाग लिया और प्रकृति को सहेजने का संकल्प उठाया। पौधारोपण के उपरांत त्रिवेणी बाबा ने कहा कि मूर्ति देवी का जीवन सादगी और उच्च आदर्शों का प्रतीक रहा है। किसी भी इंसान की स्मृति को अमर बनाने के लिए पौधे लगाने से बड़ा कोई पुण्य कार्य नहीं हो सकता। त्रिवेणी, यानी बरगद, नीम और पीपल का संगम ना केवल हमें भरपूर ऑक्सीजन देता है, बल्कि आने वाली पीढिय़ों के लिए एक स्वस्थ वातावरण भी तैयार करता है। जब हम अपनों की याद में पौधे रोपते हैं, तो वह स्मृति युगों-युगों तक छाया और जीवन बनकर समाज की सेवा करती है। मैं नेहरा खाप परिवार के इस सामाजिक व पर्यावरणीय कदम की सराहना करता हूं। इस अवसर पर पर्यावरण प्रहरी हवलदार लोकराम नेहरा ने कहा कि पौधा लगा देना केवल एक शुरुआत होती है, असली पर्यावरण सेवा तो उसे पेड़ बनाने तक उसकी देखभाल करने में है। मूर्ति देवी की स्मृति में रोपी गई इस त्रिवेणी की सुरक्षा, पानी और खाद की पूरी जिम्मेदारी मेरी रहेगी। भिवानी सिटी स्टेशन रोड पर लगा यह पौधा जब एक विशाल वृक्ष बनेगा, तो यहां से गुजरने वाले हर राहगीर को छाया और शुद्ध हवा प्रदान करेगा। हमारा उद्देश्य भिवानी को हरा-भरा और प्रदूषण मुक्त बनाना है। इस अवसर पर बबलू, राजेश, सोनू, जितेंद्र, संतोष, राज मिस्त्री, दीपक माली सहित कई स्थानीय निवासी और पर्यावरण प्रेमी मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में यह संकल्प लिया कि वे अपने आसपास के क्षेत्रों में अधिक से अधिक पौधे लगाएंगे और उनकी सुरक्षा का भी पूरा ध्यान रखेंगे। इस अवसर पर क्षेत्र के अनेक पर्यावरण प्रेमियों ने बढ़-चढकऱ भाग लिया और प्रकृति को सहेजने का संकल्प उठाया।