गया में शंकर मांझी हत्याकांड पर मंत्री संतोष सुमन का बड़ा ऐलान, बोले- ‘कोई नहीं बचेगा, संविधान के तहत मिलेगी कड़ी सजा’
पीड़ित परिवार के घर पर जाकर मंत्री ने की मुलाकात
गया: गया शहर के डेल्हा थाना क्षेत्र के बैरागी में पत्नी के सामने गोली मारकर शंकर मांझी की हत्या किए जाने के बाद मंगलवार को बिहार सरकार के लघु सिंचाई मंत्री एवं हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) के प्रमुख डॉ. संतोष कुमार सुमन पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। डेल्हा थाना क्षेत्र के बागेश्वरी अंदर बैरागी मोहल्ले में स्थित मृतक के घर पहुंचकर उन्होंने परिजनों से मुलाकात की और घटना की पूरी जानकारी ली। इस दौरान मंत्री संतोष सुमन ने परिवार को हरसंभव मदद और न्याय दिलाने का भरोसा दिया।
मृतक शंकर मांझी के परिवार से मुलाकात के दौरान मंत्री ने उनकी पत्नी कविता देवी, बच्चों और अन्य परिजनों से घटना के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने परिवार की आर्थिक स्थिति के बारे में भी जानकारी प्राप्त की और अपनी ओर से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई। मंत्री संतोष सुमन ने कहा कि दुख की इस घड़ी में पीड़ित परिवार खुद को अकेला न समझे। वे व्यक्तिगत रूप से भी परिवार के साथ हैं और सरकार की ओर से मिलने वाली सहायता दिलाने के लिए भी पहल की जाएगी।
‘शंकर मांझी हमारे परिवार के सदस्य जैसे थे’
मंत्री संतोष कुमार सुमन ने कहा कि शंकर मांझी उनके लिए केवल एक सामाजिक कार्यकर्ता नहीं थे, बल्कि पारिवारिक रूप से भी उनसे जुड़ाव था। उन्होंने कहा कि शंकर मांझी समाज के लिए काम करने वाले व्यक्ति थे और विकास मित्र के रूप में भी अपनी जिम्मेदारी निभा रहे थे। उन्होंने कहा कि शंकर मांझी समाज को आगे बढ़ाने के लिए लगातार सक्रिय रहते थे। ऐसे व्यक्ति की हत्या की घटना परिवार के साथ-साथ समाज और पार्टी के लिए भी दुखद है। उन्होंने स्पष्ट किया कि हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा इस मुश्किल घड़ी में पूरी तरह पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है।
‘कड़ी से कड़ी सजा मिलेगी, कोई नहीं बचेगा’
मंत्री संतोष सुमन ने हत्या की घटना को गंभीर बताते हुए कहा कि सभ्य समाज में इस तरह की घटनाओं को किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने पुलिस-प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर सभी आरोपियों तक पहुंचने और उन्हें कानून के तहत कड़ी सजा दिलाने की बात कही। मंत्री डॉ. संतोष सुमन ने कहा कि घटना को लेकर उन्हें कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं। कुछ बातें ऐसी भी हैं, जिन्हें सुनकर उन्हें स्वयं हैरानी हुई है। हालांकि उन्होंने कहा कि जांच प्रभावित न हो, इसलिए फिलहाल वे सभी बातों को सार्वजनिक नहीं करना चाहते।
उन्होंने कहा कि प्रशासन और पुलिस के साथ इस मामले को लेकर गंभीरता से बात की जाएगी और घटना की समीक्षा भी की जाएगी। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि घटना में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और भारतीय संविधान एवं कानून के तहत जो भी कड़ी सजा का प्रावधान है, वह दिलाने की दिशा में प्रयास किया जाएगा।
सीसीटीवी फुटेज और आरोपियों की पहचान का भी जिक्र
मंत्री संतोष सुमन ने बताया कि घटना के संबंध में कुछ नाम सामने आए हैं और पीड़ित परिवार की ओर से भी कुछ नाम प्रशासन को उपलब्ध कराए गए हैं। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी व्यक्ति को आरोपी ठहराने से पहले पुलिस द्वारा पूरे मामले की छानबीन जरूरी है।
उन्होंने कहा कि प्रशासन का काम है कि उपलब्ध साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और अन्य जानकारियों के आधार पर आरोपियों की पहचान करे और उन्हें गिरफ्तार करे। मंत्री के अनुसार, घटना से जुड़े कुछ लोगों को पकड़ा भी गया है, जबकि कुछ अन्य की गिरफ्तारी अभी बाकी है। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले का जल्द और निष्पक्ष उद्भेदन करने की मांग की।
‘जरूरत पड़ी तो सड़क पर उतरेगी हमारी पार्टी’
मंत्री संतोष कुमार सुमन ने कहा कि अगर न्याय दिलाने की प्रक्रिया में किसी तरह की लापरवाही सामने आती है या जरूरत महसूस हुई तो हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा इस मामले को लेकर सड़क पर उतरने से भी पीछे नहीं हटेगा। उन्होंने कहा कि पार्टी के कार्यकर्ता पीड़ित परिवार के साथ खड़े हैं और परिवार को न्याय दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा। मंत्री ने यह भी कहा कि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए भी गंभीर कदम उठाने की जरूरत है।
परिवार को सरकारी सहायता दिलाने का भरोसा
मंत्री संतोष सुमन ने पीड़ित परिवार को सरकारी प्रावधानों के तहत मिलने वाली सहायता और मुआवजे को लेकर भी पहल करने का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि परिवार ने अपना एक महत्वपूर्ण सदस्य खोया है और इस नुकसान की भरपाई संभव नहीं है, लेकिन सरकार की ओर से मिलने वाली सहायता पीड़ित परिवार तक पहुंचाना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि शंकर मांझी के परिवार को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा। परिवार की जरूरत के समय पार्टी और उनके कार्यकर्ता हरसंभव सहयोग के लिए मौजूद रहेंगे।
पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं की रही मौजूदगी
पीड़ित परिवार से मुलाकात के दौरान हम पार्टी के गया जिला अध्यक्ष टूटू खान, सांसद प्रतिनिधि नंदलाल मांझी, जिला महासचिव विजय कुमार, दीना मांझी, मनोज मांझी, सुरेश मांझी, विजय कुमार, पंकज, नगर अध्यक्ष धर्मेंद्र मांझी, राजेश कुमार, राम स्नेही मांझी सहित पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। मंत्री संतोष सुमन की इस मुलाकात के बाद अब पुलिस जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी पर सबकी नजर है। परिवार की ओर से भी दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की जा रही है।
#गयाजी
#गया_हो
#बिहार
#biharpolties
#GayaPolice
#CrimeNews