खबर का असर: असहाय राजू से मिलने पहुंचे प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, पढ़ाई और भोजन की हुई व्यवस्था
गया जिले के टेकारी प्रखंड के मतई गांव से एक ऐसी तस्वीर सामने आई है, जिसने हर किसी को सोचने पर मजबूर कर दिया। माता-पिता का साथ छूट जाने के बाद राजू कुमार के सामने जिंदगी गुजारने का बड़ा संकट खड़ा हो गया था।
राजू को अपने ही गांव में अलग-अलग लोगों के घर जाकर खाना मांगकर अपना पेट भरना पड़ता था और रात में रहने के लिए भी कोई पक्का ठिकाना नहीं था।
राजू की इस परेशानी को डिजिटल मीडिया ने प्रमुखता से उठाया और उसकी आवाज लोगों तक पहुंचाई। खबर सामने आने के बाद अब राजू को बड़ी राहत मिलती दिखाई दे रही है।
राजू से मिलने के लिए टेकारी प्रखंड के प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी डॉ. अभय कुमार रमण मतई गांव पहुंचे। उनके साथ मतई गांव के प्राथमिक विद्यालय के शिक्षक और टोला सेवक भी मौजूद रहे।
प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी ने राजू को स्कूल बैग दिया और उससे कहा कि वह नियमित रूप से स्कूल जाए और अपनी पढ़ाई जारी रखे। राजू की शिक्षा को लेकर भी सहयोग का भरोसा दिलाया गया।
राजू ने भी अपनी इच्छा जाहिर करते हुए कहा कि वह पढ़-लिखकर दरोगा बनना चाहता है। उसकी इस आकांक्षा को सुनकर अधिकारियों और ग्रामीणों ने उसे मेहनत से पढ़ाई करने तथा हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया।
वहीं, गांव के लोगों ने भी राजू की जिम्मेदारी में सहयोग का भरोसा दिया है। ग्रामीणों ने कहा कि राजू को खाने की परेशानी नहीं होने दी जाएगी और जरूरत पड़ने पर गांव के लोग उसे खाना उपलब्ध कराएंगे।
फिलहाल राजू कुमार को रामभवन यादव के पुत्र नीतीश कुमार ने अपने पास रखा है, जहां वह रह रहा है।
हालांकि राजू की मुश्किलें अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुई हैं। राजू के पास अपना घर बनाने के लिए जमीन तक नहीं है। ऐसे में ग्रामीणों और अन्य लोगों की ओर से उसके लिए जमीन उपलब्ध कराने की बात कही गई है। इसके लिए लोगों से सहायता राशि जुटाने की भी बात सामने आई है।
एक तरफ राजू के सिर से माता-पिता का साया उठ चुका है, तो दूसरी तरफ अब गांव के लोगों और जिम्मेदार अधिकारियों का सहयोग उसके लिए उम्मीद की नई किरण बनकर सामने आया है।
पटना दस्तक की खबर के बाद राजू की जिंदगी में आई यह छोटी-सी राहत यह बताती है कि अगर समाज किसी जरूरतमंद बच्चे के लिए एकजुट होकर खड़ा हो जाए, तो उसकी जिंदगी की दिशा बदली जा सकती है।
राजू को अब जरूरत है लगातार सहयोग, शिक्षा और एक सुरक्षित भविष्य की, ताकि वह अपने सपने को पूरा कर दरोगा बन सके।
#bdbiharjharkhand
#viralrajukaNews #drabhaykumarraman