*पंचायतीराज चुनाव-2026 : डीग जिले की पांचों पंचायत समितियों में प्रत्याशी प्रबोधन कार्यशालाएं आयोजित*
*नामांकन प्रक्रिया, जरूरी दस्तावेजों और चुनाव नियमों की दी जानकारी, संभावित प्रत्याशियों की शंकाओं का किया समाधान*
नगर/डीग, 10 अक्टूबर। पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 के मद्देनजर शनिवार को डीग जिले की पांचों पंचायत समितियों में प्रत्याशी प्रबोधन कार्यशालाएं आयोजित की गईं। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर मयंक मनीष ने बताया कि कार्यशालाओं का उद्देश्य संभावित प्रत्याशियों को निर्वाचन प्रक्रिया की सही जानकारी देना तथा नामांकन के दौरान होने वाली त्रुटियों से बचाना रहा।
उन्होंने बताया कि कार्यशालाओं में जिला परिषद सदस्य, पंचायत समिति सदस्य, सरपंच एवं पंच पदों के संभावित प्रत्याशियों को नाम निर्देशन पत्र भरने की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों, पात्रता संबंधी प्रावधानों तथा निर्वाचन से जुड़े नियमों की जानकारी दी गई। रिटर्निंग अधिकारियों, सहायक रिटर्निंग अधिकारियों एवं ब्लॉक स्तरीय मास्टर ट्रेनर ने नामांकन प्रक्रिया की बारीकियों से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि प्रत्याशियों को आदर्श आचार संहिता की पालना, निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता तथा अपने अधिकारों एवं जिम्मेदारियों के संबंध में भी जानकारी दी गई। कार्यशालाओं के दौरान चुनाव संबंधी नियमों एवं प्रक्रियाओं को लेकर संभावित प्रत्याशियों की शंकाओं का समाधान किया गया। उन्होंने कहा कि नामांकन प्रक्रिया की सही जानकारी मिलने से आवेदन पत्रों में त्रुटियों तथा उनके निरस्त होने की आशंका कम होगी। इन कार्यशालाओं के माध्यम से पंचायतीराज चुनाव को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए संभावित प्रत्याशियों को जागरूक किया गया।