*उर्वरक विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों एवं गोदामों का किया सघन निरीक्षण, कमियां मिलने पर नोटिस जारी*
*रबी फसलों की बुवाई से पूर्व कृषि विभाग की कार्रवाई, उचित दर पर गुणवत्तापूर्ण खाद-बीज उपलब्ध कराने के निर्देश*
नगर/डीग, 8 अक्टूबर। संयुक्त निदेशक कृषि (विस्तार), जिला परिषद डीग हब्बल सिंह ने बताया कि रबी फसलों की बुवाई से पूर्व जिला कलक्टर मयंक मनीष के निर्देशानुसार कृषि विभाग द्वारा जिले के 13 खाद-बीज विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों एवं गोदामों का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान मूल्य सूची एवं स्टॉक सूची प्रदर्शित नहीं करने तथा कृषकों को बिल जारी नहीं करने जैसी अनियमितताएं पाए जाने पर अंजली खाद बीज भंडार परसंदरा, बाबा भूमिया खाद बीज भंडार इन्दौली, विमल एग्रो एजेंसी कामां, शुभम खाद बीज भंडार कामां, चौधरी एग्रो एजेंसी कामां, सुनील खाद बीज भंडार कामां, छौकर खाद बीज भंडार सतवास तथा जिले सिंह खाद बीज भंडार बल्देव का नगला को नोटिस जारी किए गए। उन्होंने बताया कि सभी उर्वरक विक्रेताओं को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि किसानों को उचित दर पर गुणवत्तापूर्ण खाद, बीज एवं अन्य कृषि आदान उपलब्ध कराए जाएं।
संयुक्त निदेशक ने बताया कि निरीक्षण के दौरान विक्रेताओं को खाद-बीज की कालाबाजारी नहीं करने तथा टेगिंग नहीं करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए। किसानों को खाद अथवा अन्य कृषि आदान लेने के लिए दूसरी सामग्री खरीदने के लिए बाध्य नहीं किया जाए। ऐसा पाए जाने पर संबंधित विक्रेता के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान सहायक निदेशक उद्यान पप्पूराम यादव एवं कृषि अधिकारी पुष्पेन्द्र सिंह ने मौके पर उपलब्ध कृषकों से क्रय किए गए कृषि आदान का बिल लेने तथा सरसों की बुवाई के लिए डीएपी के स्थान पर सिंगल सुपर फास्फेट एवं यूरिया के उपयोग की सलाह दी।