*डीग महोत्सव में रंगीन फव्वारों और दीपदान ने मोहा पर्यटकों का मन*
*जिला कलक्टर मयंक मनीष एवं जिला न्यायाधीश उपेंद्र शर्मा ने लिया महोत्सव का आनंद, देशी-विदेशी सैलानियों में दिखा उत्साह*
नगर/डीग, 10 अक्टूबर। राजस्थान पर्यटन विभाग एवं जिला प्रशासन की ओर से आयोजित डीग महोत्सव-2026 के तहत शनिवार शाम ऐतिहासिक जल महलों में रंगीन फव्वारों और दीपदान कार्यक्रम को देखने के लिए बड़ी संख्या में पर्यटक एवं स्थानीय लोग पहुंचे। विश्व प्रसिद्ध रंगीन फव्वारों की रोशनी और पानी की रंग-बिरंगी फुहारों ने जल महलों की खूबसूरती को और आकर्षक बना दिया। इस दौरान जिला कलक्टर मयंक मनीष एवं जिला एवं सत्र न्यायाधीश उपेंद्र शर्मा मौजूद रहे।
जल महलों में रंगीन रोशनी के बीच फव्वारों का नजारा देखने के लिए महिलाओं, पुरुषों और बच्चों में खासा उत्साह नजर आया। फव्वारों से निकलती रंगीन फुहारों ने परिसर में आकर्षक दृश्य प्रस्तुत किया। पर्यटकों ने जल महलों की ऐतिहासिक स्थापत्य कला और सुसज्जित परिसर का आनंद लिया। महोत्सव के अवसर पर जल महलों एवं शहर के प्रमुख चौक-चौराहों को आकर्षक रंगीन रोशनी से सजाया गया, जिससे डीग की ऐतिहासिक धरोहर उत्सवी रंग में नजर आई। महोत्सव के तहत आयोजित दीपदान कार्यक्रम ने भी आकर्षण बढ़ाया। जल महलों की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि और रोशनी से सजे परिवेश के बीच पर्यटकों एवं स्थानीय नागरिकों ने उत्साह के साथ कार्यक्रम का आनंद लिया। डीग महोत्सव के माध्यम से शहर की ऐतिहासिक विरासत, स्थापत्य कला और पर्यटन महत्व को प्रदर्शित किया जा रहा है। हर वर्ष आयोजित होने वाले इस महोत्सव में पर्यटक जल महलों, रंगीन फव्वारों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों को देखने पहुंचते हैं।
कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था के लिए पुलिस बल तैनात रहा। जल महलों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई तथा मेले के अंदर वाहनों के प्रवेश पर रोक रखते हुए बाहर की ओर पार्किंग की व्यवस्था की गई, ताकि पर्यटकों की आवाजाही सुचारू बनी रहे। इस दौरान अतिरिक्त जिला कलक्टर देवेंद्र परमार, उपखंड अधिकारी अमित मीना, तहसीलदार छोटेलाल मीना, भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के उप अधीक्षक गोविंदराम मीना तथा पर्यटन विभाग के सहायक निदेशक हिमांशु मेहरा सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।