*पंचायतीराज चुनाव-2026 : डीग जिले में स्वीप के तहत मतदाता शपथ कार्यक्रम आयोजित*
*सोनगांव, पालका और अस्तावन के राजकीय विद्यालयों में विद्यार्थियों एवं स्टाफ ने लिया जागरूक मतदाता बनने का संकल्प*
नगर/डीग, 10 अक्टूबर। पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 के मद्देनजर डीग जिले में व्यवस्थित मतदाता शिक्षा एवं निर्वाचक सहभागिता कार्यक्रम (स्वीप) के तहत मतदाता जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं। इसी क्रम में जिले के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सोनगांव, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय पालका तथा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय अस्तावन में मतदाता शपथ कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों में विद्यालयों के स्टाफ एवं विद्यार्थियों ने भाग लेकर मतदाता जागरूकता का संदेश दिया। डीग जिले के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सोनगांव में समस्त स्टाफ एवं विद्यार्थियों ने मतदाता शपथ ली। इसी प्रकार बृजनगर तहसील के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय पालका में भी विद्यालय स्टाफ एवं विद्यार्थियों ने मतदाता शपथ लेकर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के प्रति जागरूकता का संकल्प लिया।
कुम्हेर ब्लॉक के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय अस्तावन में निर्वाचन साक्षरता क्लब (ईएलसी) गतिविधि के अंतर्गत मतदाता शपथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों एवं विद्यालय स्टाफ ने मतदाता जागरूकता के उद्देश्य से शपथ ली। इन गतिविधियों का उद्देश्य विद्यार्थियों, भावी मतदाताओं एवं विद्यालय स्टाफ के माध्यम से समाज में मतदान के महत्व का संदेश पहुंचाना तथा पात्र नागरिकों को अपने मताधिकार के प्रति जागरूक करना है। स्वीप अभियान के तहत जिले में विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों के माध्यम से मतदाता जागरूकता को बढ़ावा दिया जा रहा है।