*डीग महोत्सव की सांस्कृतिक संध्या में गफरुद्दीन मेवाती और वंदना मिश्रा की प्रस्तुतियों ने बांधा समां*
*भपंग वादन से मेवाती लोक संस्कृति की छटा बिखरी, भजनों और सुरीले गीतों पर मंत्रमुग्ध हुए श्रोता*
नगर/डीग, 10 अक्टूबर। डीग महोत्सव-2026 के तहत शनिवार को डीग महल में सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पद्मश्री गफरुद्दीन मेवाती और गायिका वंदना मिश्रा की प्रस्तुतियों ने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। मेवाती लोक संस्कृति, पारंपरिक भपंग वादन, भजनों और लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुतियों से सांस्कृतिक संध्या यादगार बनी।
कार्यक्रम का शुभारंभ उपखंड अधिकारी डीग अमित कुमार मीना एवं भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के उप अधीक्षक गोविंदराम मीना ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद पद्मश्री गफरुद्दीन मेवाती ने अपनी प्रस्तुतियों से कार्यक्रम को लोक संस्कृति के रंगों से सजाया। उन्होंने ‘गजानन मेरे घर में पधारो’ और ‘दुनिया में हो रही टर ही टर’ सहित मेवाती गीतों की प्रस्तुति दी। उनके भपंग वादन ने मेवात की पारंपरिक संगीत विरासत की झलक प्रस्तुत की।
इसके बाद वंदना मिश्रा ने भक्ति, लोक एवं लोकप्रिय संगीत की विविध प्रस्तुतियों से श्रोताओं का मन मोह लिया। उन्होंने ‘वीर हनुमान’, ‘मेरे राम आए हैं’, ‘बम लाहिरी’, ‘राधिका गौरी से’, ‘मेरे रश्के कमर’, ‘मेरा मन डोले मेरा तन डोले’, ‘एक परदेसी मेरा दिल ले गया’, ‘हमें रख लेना श्याम तेरी दरबारी में’ तथा ‘प्यारा सजा है तेरा दरबार भवानी’ जैसे गीत प्रस्तुत किए। उनकी गायकी पर श्रोताओं ने उत्साहपूर्वक आनंद लिया। डीग महोत्सव के माध्यम से ऐतिहासिक डीग महल की पृष्ठभूमि में राजस्थान की लोक कला, संगीत और सांस्कृतिक परंपराओं को मंच प्रदान किया जा रहा है। सांस्कृतिक संध्या में लोक संगीत और लोकप्रिय गीतों के संगम ने कार्यक्रम को विविधतापूर्ण स्वरूप दिया।
इस दौरान अतिरिक्त जिला कलक्टर देवेंद्र परमार, पुलिस उप अधीक्षक सीताराम बैरवा, सहायक निदेशक पर्यटन विभाग हिमांशु मेहरा सहित अन्य अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ सहायक उमेश चंद प्रजापति ने किया।