*डीग महोत्सव-2026 कल, शोभायात्रा से सांस्कृतिक संध्या तक होंगे विविध आयोजन*
नगर/डीग, 9 अक्टूबर। राजस्थान पर्यटन विभाग एवं जिला प्रशासन डीग के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार, 10 अक्टूबर को डीग महोत्सव-2026 का आयोजन किया जाएगा। महोत्सव में शहर की सांस्कृतिक विरासत, लोक परंपराओं और पर्यटन को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से दिनभर विभिन्न प्रतियोगिताएं एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 8:30 बजे डीग महल से शोभायात्रा के साथ होगी, जो प्रमुख बाजारों से होते हुए निकलेगी। प्रातः 10 बजे मेला मैदान में दमखम-कबड्डी प्रतियोगिता, 11 बजे डीग महल में मूंछ प्रतियोगिता, दोपहर 12 बजे मेला मैदान में रस्सा-कस्सी प्रतियोगिता तथा दोपहर 1 बजे राधा-कृष्ण पोशाक प्रतियोगिता आयोजित होगी। दोपहर 2 बजे डीग महल में साफा बांधने की प्रतियोगिता होगी। शाम 5 बजे डीग महल में ‘डीग के रंग’ कार्यक्रम के तहत रंगीन फव्वारों का संचालन किया जाएगा। शाम 6 बजे ‘जगमग डीग’ कार्यक्रम के अंतर्गत दीपदान होगा। इसके बाद शाम 7:30 बजे सांस्कृतिक संध्या में राजस्थान के लोक कलाकारों की प्रस्तुतियां होंगी। जिला प्रशासन एवं पर्यटन विभाग ने महोत्सव के माध्यम से डीग की ऐतिहासिक धरोहर, सांस्कृतिक पहचान और पर्यटन संभावनाओं को व्यापक स्तर पर सामने लाने का प्रयास किया है।