जिला पदाधिकारी, लखीसराय श्री शैलेंद्र कुमार की अध्यक्षता में जिला स्तरीय निगरानी समिति, विधि-व्यवस्था, अभियोजन से संबंधित समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
जिला स्तरीय निगरानी समिति की बैठक में थानों एवं अन्य संबंधित स्थलों पर अधिष्ठापित सीसीटीवी कैमरों के संचालन की स्थिति की समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने सभी अधिष्ठापित कैमरों का शत-प्रतिशत संचालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि खराब अथवा बंद पड़े कैमरों को शीघ्र दुरुस्त कराया जाए। कैमरों के संचालन में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित एजेंसी के विरुद्ध गृह विभाग को पत्र भेजने की कार्रवाई की जाएगी। बैठक में बताया गया कि यह समीक्षा माननीय सर्वोच्च न्यायालय के आदेश के आलोक में की जा रही है। विशेष केंद्रीय सहायता योजना के अंतर्गत थानों में लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की भी समीक्षा की गई तथा खराब कैमरों को शीघ्र ठीक कराने का निर्देश दिया गया।
विशेष केंद्रीय सहायता योजना के तहत 123 सीसीटीवी कैमरा गैर कार्यरत प्रतिवेदित है जिसके लिए सरकार को पत्र भेजने का निर्देश दिया गया। थाने के लगभग 40 कैमरा खराब बताया गया जिसे अगली बैठक के पूर्व ठीक कर लेने का निर्देश दिया गया।
बैठक में लखीसराय जिले के दूरस्थ एवं सेवा-वंचित क्षेत्रों में मोबाइल नेटवर्क के विस्तार की भी समीक्षा की गई। बताया गया कि तीन स्थलों पर मोबाइल नेटवर्क विस्तार के लिए भारत सरकार को पत्र प्रेषित किया गया है, जबकि चार स्थलों के लिए भूमि उपलब्ध करा दी गई है।
भारत सरकार दूरसंचार के द्वारा तीन नए जगहों के सिग्नल की जांच कर ली गई है तथा शेष चार स्थलों पर टावर लगाने हेतु पूर्व की स्वीकृति के आलोक में जिला प्रशासन के द्वारा भूमि आबंटित कर दी गई है।
नए स्थलों में लठिया कोडासी, हनुमान स्थान एवं श्रृंगी ऋषि धाम है जहां की जांच दूर संचार द्वारा की गई है
विधि-व्यवस्था की समीक्षा के दौरान गंभीर प्रकृति के कांडों, विशेषकर हत्या, बलात्कार, लूट, डकैती, फिरौती हेतु अपहरण, पॉक्सो, एससी/एसटी एवं साइबर अपराध से संबंधित मामलों के दर्ज एवं निष्पादन की स्थिति की समीक्षा की गई। लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन, वारंट की कार्रवाई तथा कुर्की-जप्ती के तामिला में तेजी लाने का निर्देश दिया गया।
बैठक में लाइसेंसी एवं जब्त हथियारों की भी समीक्षा की गई। जिले में कुल 686 शस्त्र एवं 608 लाइसेंस हैं, जिनमें प्रतिवेदित माह तक 638 शस्त्रों का सत्यापन किया जा चुका है। अवैध हथियार एवं विस्फोटक पदार्थों की बरामदगी तथा शस्त्र अधिनियम एवं विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत दर्ज मामलों की भी समीक्षा की गई।
भूमि विवादों के मामलों में अंचलाधिकारी एवं थाना प्रभारी को आपसी समन्वय स्थापित कर मामलों के त्वरित निष्पादन का निर्देश दिया गया। बैठक में यह भी निर्देशित किया गया कि जिले के ऐसे गांवों की सूची तैयार की जाए, जहां पिछले पांच वर्षों में कोई कांड दर्ज नहीं हुआ है, ताकि ऐसे क्षेत्रों में बेहतर पुलिसिंग एवं जनसहभागिता को प्रोत्साहित किया जा सके।
इसके अतिरिक्त निर्वाचन संबंधी कांडों के निष्पादन, शराब एवं गांजा विनष्टीकरण, अभियोजन की स्थिति तथा खनन टास्क फोर्स की कार्रवाई की भी समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को लंबित मामलों के निष्पादन में तेजी लाने तथा विभागीय समन्वय के साथ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बैठक में अपर सामाहर्ता श्री नीराज कुमार, उप विकास आयुक्त श्री सुमित कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी श्री प्रभाकर कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी श्री शिवम कुमार, विशेष कार्य पदाधिकारी गोपनीय शाखा श्री राहुल कुमार, पुलिस उपाधीक्षक मुख्यलय, सिविल सर्जन श्री जय प्रकाश सिंह, जिला परिवहन पदाधिकारी श्री मुकुल पंकज मणि, जिला जन संपर्क पदाधिकारी श्री रवि कुमार, नजारत उपसमाहर्ता सुश्री प्राची कुमारी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
22 views | Lakhisarai, Bihar | Sep 19, 2026