आज दिनांक 21.09.2026 को जिला पदाधिकारी, श्री शैलेंद्र कुमार की अध्यक्षता में समाहरणालय, लखीसराय स्थित मंत्रणा कक्ष में जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर योजनाओं के प्रभावी एवं त्वरित क्रियान्वयन तथा लंबित मामलों के निष्पादन की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान स्वास्थ्य विभाग से संबंधित विभिन्न स्वास्थ्य सूचकांकों एवं योजनाओं की समीक्षा की गई। इसमें डेल्टा हेल्थ इंडिकेटर, चाइल्ड प्रोटेक्शन, एनीमिया की स्थिति, आभा रैंकिंग सहित अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की गई।
स्वास्थ्य केंद्रों के भवन निर्माण हेतु भूमि की उपलब्धता की समीक्षा करते हुए जिला पदाधिकारी ने संबंधित अंचलाधिकारियों को स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक भूमि चिन्हित करने का निर्देश दिया। अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों की स्थिति एवं अन्य स्वास्थ्य संस्थानों से संबंधित मामलों की भी समीक्षा की गई, तथा 76 स्वास्थ्य उपकेन्द्रों तथा 32 जलापूर्ति की सूर्यगढ़ा प्रखंड की योजना हेतु त्वरित ढंग से भूमि उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।
इसके साथ ही ओल्ड एज होम, आंगनबाड़ी केंद्रों में उपस्थिति, मिड-डे मील, डिग्री कॉलेज, फार्मर आईडी सहित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की गई।
जिला पदाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को विभागीय योजनाओं का नियमित अनुश्रवण करते हुए निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बैठक में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की भी समीक्षा की गई। योजना में तेजी लाने हेतु कार्यपालक अभियंता, विद्युत आपूर्ति प्रमंडल, लखीसराय को कैंपों का संचालन जारी रखते हुए इसकी गति और बढ़ाने का निर्देश दिया गया। साथ ही अधिकाधिक पात्र लाभुकों को योजना से जोड़ने को कहा गया।
मोकामा-मुंगेर फोरलेन परियोजना से संबंधित भूमि मामलों की समीक्षा करते हुए संबंधित सभी अंचलाधिकारियों को भूमि चिन्हित कर संबंधित प्राधिकारी को रिपोर्ट उपलब्ध कराने तथा आवश्यक एलपीसी प्राप्त करने की कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
कल्याण विभाग के अंतर्गत छात्रावासों से संबंधित मामलों की समीक्षा की गई। जिला कल्याण पदाधिकारी को संबंधित सातों प्रखंडों में छात्रावास निर्माण हेतु भूमि चिन्हित करने के लिए संबंधित अंचलाधिकारियों से समन्वय स्थापित करने का निर्देश दिया गया, तथा सम्बंधित विभागों को भी अंचल अधिकारी के संपर्क में रहकर आवश्यक कार्रवाई में मदद करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में डीसी बिल की समीक्षा के दौरान जिला पदाधिकारी ने सभी लंबित डीसी बिलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। पुराने एवं लंबे समय से लंबित मामलों को विशेष प्राथमिकता देते हुए अगले तीन दिनों में निष्पादित करने तथा छोटी राशि से संबंधित लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन करने का निर्देश दिया गया।
इसके अतिरिक्त CWJC, सीएम डैशबोर्ड एवं अन्य ऑनलाइन पोर्टलों पर लंबित मामलों की भी समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि जिन कार्यालयों में मात्र एक-दो मामले लंबित हैं, उनका तत्काल निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।
जमाबंदी rectification कार्य में नगण्य प्रगति होने के चलते कड़ी नाराजगी व्यक्त की गई। साथ ही जमाबंदी सुधार से संबंधित मामलों का भी प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
इसके साथ ही जिला पदाधिकारी महोदय द्वारा बताया गया कि सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान दिनांक 17 सितंबर से प्रारंभ हो चुका है, अतः संबंधित पदाधिकारी इस दिशा में आवश्यक कार्रवाई प्रारंभ करें।
उपविकास आयुक्त महोदय द्वारा सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई।
जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि स्वास्थ्य उपकेंद्र, एपीएचसी, मेडिकल कॉलेज सहित अन्य लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन किया जाए। विभिन्न पोर्टलों एवं डैशबोर्ड की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है। कार्यों में पूर्व की अपेक्षा प्रगति हुई है, परंतु इसमें और तेजी लाने की आवश्यकता है।
बैठक में अपर समाहर्ता श्री नीरज कुमार, उप विकास आयुक्त श्री सुमित कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी श्री प्रभाकर कुमार, विशेष कार्य पदाधिकारी जिला गोपनीय शाखा श्री राहुल कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्री रवि कुमार, नजारत उपसमाहर्ता सुश्री प्राची कुमारी, जिला पंचायती राज पदाधिकारी श्रीमती पम्मी रानी सहित अन्य संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।