बोधगया के बारा सहदेव खाप में जमीन विवाद पर बड़ा एक्शन: पुलिस की निगरानी में हुई नापी, राजेश सिन्हा ने लगाया रिकॉर्ड में छेड़छाड़ का आरोप
गया जिले के बोधगया में लंबे समय से चले आ रहे जमीन विवाद को लेकर बोधगया अंचल प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए विवादित भूमि की नापी कराई। सीओ के नेतृत्व में अंचल अमीन की टीम ने जमीन की पैमाइश की। नापी के दौरान किसी तरह की अप्रिय स्थिति न हो, इसके लिए थाना से महिला और पुरुष पुलिस बल की तैनाती की गई थी। अंचल प्रशासन की टीम भी मौके पर मौजूद रही। मामला गया जिले के बोधगया थाना क्षेत्र के मौजा-बारा से जुड़ा है। मगध विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के बारा सहदेव खाप गांव निवासी राजेश सिन्हा का दावा है कि विवादित जमीन उनके दादा के नाम की खतियानी जमीन है।
जिसका खाता संख्या 98, खेसरा संख्या 1471 में कुल करीब 70 डिसमिल जमीन थी। इसमें से उनके दादा द्वारा पूर्व में बेची गई करीब 57.5 डिसमिल जमीन पर उनका कोई दावा नहीं है, लेकिन करीब 12.5 डिसमिल बची जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। राजेश सिन्हा ने आरोप लगाया कि लैंड रिकॉर्ड में छेड़छाड़ कर दूसरे पक्ष के इंद्रदेव यादव और उनकी बेटी सोनी कुमारी ने प्रशासनिक सहयोग से जमीन पर कब्जा कर लिया। उन्होंने कहा कि इस संबंध में उनके पास दस्तावेज और अन्य साक्ष्य मौजूद हैं। बारा सहदेव खाप गांव निवासी राजेश सिन्हा के मुताबिक, यह मामला वर्ष 2016 में बिहार मानवाधिकार आयोग तक भी पहुंचा था। उनका कहना है कि आयोग के निदेशक के स्तर से उन्हें जमीन का कब्जा दिलाए जाने की कार्रवाई भी हुई थी, लेकिन इसके बावजूद वे आज भी अपनी जमीन से विस्थापित हैं। उन्होंने बताया कि डीसीएलआर की ओर से सीमांकन का आदेश दिया गया था। इसी आदेश के तहत चिन्हित जमीन पर अमीन द्वारा सीमांकन और नापी की कार्रवाई की गई।
#गयाजी
#GayaPolice
#गया_हो
#gayastation
#LatestNews
#बिहार
#Gaya
#bihar