एसडीएम डॉ. रमन गुप्ता ने की अनाज मंडी की फिजिकल वेरिफिकेशन
बाहरी धान की आवक पर प्रशासन सख्त, मंडी में कई फर्मों के रिकॉर्ड और धान की जांच की
इंद्री, 17 अक्टूबर। खरीफ सीजन 2026-27 के दौरान धान खरीद प्रक्रिया को पारदर्शी बनाए रखने और बाहरी धान की आवक पर निगरानी रखने के लिए प्रशासन सतर्क है। इसी कड़ी में एसडीएम डॉ. रमन गुप्ता ने इंद्री अनाज मंडी का दौरा कर धान की फिजिकल वेरिफिकेशन की। इस दौरान उन्होंने मंडी में कई फर्मों के रिकॉर्ड और धान की जांच की तथा धान की आवक से संबंधित जानकारी प्राप्त की। मौके पर मार्केट कमेटी के अधिकारी और मंडी प्रधान भी मौजूद रहे।
एसडीएम डॉ. रमन गुप्ता ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि मंडी में आने वाले धान की नियमित निगरानी की जाए और खरीद प्रक्रिया में निर्धारित नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि धान की आवक और संबंधित रिकॉर्ड की जांच के दौरान पूरी सतर्कता बरती जाए, ताकि खरीद प्रक्रिया में किसी प्रकार की अनियमितता न हो।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बाहरी राज्यों से धान की आवक की सूचना मिलने पर तुरंत संज्ञान लेते हुए नियमानुसार जांच और आवश्यक कार्रवाई की जाए। साथ ही, मंडी में खरीद और उठान से संबंधित कार्यों पर भी नजर रखी जाए, ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
एसडीएम ने स्पष्ट किया कि धान खरीद प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और मंडी में नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करें।