सेवा संकल्प अभियान के तहत गांव भादसो में विधायक रामकुमार कश्यप ने किया पौधरोपण
इंद्री में उत्साह के साथ मनाया गया सेवा संकल्प अभियान, 12 मॉड्यूल के तहत आयोजित की गईं विभिन्न गतिविधियां
इंद्री, 17 अक्तूबर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में प्रदेशभर में 17 सितंबर से 17 अक्तूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया गया। अभियान के तहत इंद्री क्षेत्र में भी विभिन्न गतिविधियों का आयोजन उत्साह के साथ किया गया। अभियान के समापन अवसर पर शनिवार को गांव भादसो में इंद्री के विधायक एवं गवर्नमेंट चीफ व्हीप रामकुमार कश्यप ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण को स्वच्छ एवं सुरक्षित बनाए रखने के लिए पौधरोपण जरूरी है। प्रत्येक व्यक्ति को पौधे लगाने के साथ-साथ उनके संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए।
विधायक रामकुमार कश्यप ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य जनभागीदारी को बढ़ावा देना, समाज सेवा की भावना को मजबूत करना तथा लोगों को सामाजिक सरोकारों से जोड़ना है। अभियान के माध्यम से सेवा, सहयोग और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को प्रोत्साहित किया। इस अभियान के तहत जनभागीदारी को बढ़ावा देने और समाज सेवा की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं।
उन्होंने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के तहत 12 मॉड्यूल के माध्यम से अनेक कार्यक्रम आयोजित किए गए। इनमें सेवा ज्योति कलश यात्रा, आंगन मिलन, सेवा कार्यक्रम, पौधरोपण, स्वच्छता अभियान, आशीर्वाद का दीया, मेडिकल मोबाइल वैन को रवाना करना, विभिन्न प्रतियोगिताएं तथा सेवा संकल्प पावन ज्योति टूर्नामेंट सहित अन्य गतिविधियां शामिल रहीं। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग को जनकल्याणकारी गतिविधियों से जोड़ना तथा सेवा, सहयोग और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को प्रोत्साहित करना है। इंद्री क्षेत्र में भी अभियान के दौरान विभिन्न कार्यक्रम उत्साहपूर्वक आयोजित किए गए, जिनमें लोगों ने भाग लेकर सामाजिक सरोकारों के प्रति अपनी भागीदारी सुनिश्चित की।
इस अवसर पर गुरनाम सिंह सरपंच प्रतिनिधि, अमित कुमार, पवन कबीरपंथी, विशाल बिलम, राजवीर नंबरदार, अनिल कश्यप, सोनी वाल्मीकि, प्रेम कश्यप, रेखा, कृष्णा देवी, कमलेश, अनीता, जीतो देवी एवं पिंकी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।