नदी की बाढ़ में दो दर्जन गोवंश फंसे होने की खबर निकली गलत, प्रशासन ने किया स्थलीय निरीक्षण
हरदोई। सोशल मीडिया पर ग्राम बेडिजोर में रामगंगा नदी की बाढ़ में दो दर्जन गोवंश के फंसे होने की खबर प्रसारित होने के बाद प्रशासन ने मामले का संज्ञान लिया। उपजिलाधिकारी सवायजपुर शिवानी सिंह ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का स्थलीय निरीक्षण कराया।
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि रामगंगा नदी पर बने पुल के आसपास के गांवों के ग्रामीण अपने पशुओं को चराने के लिए नदी क्षेत्र की ओर ले गए थे। गोवंश और अन्य पशु नदी के पानी से होकर सुरक्षित सूखे स्थान पर पहुंचकर घास चर रहे थे। मौके पर कोई भी गोवंश या अन्य पशु पानी में फंसा हुआ नहीं पाया गया। सभी पशु सुरक्षित मिले।
प्रशासन की ओर से ग्रामवासियों को बाढ़ की स्थिति को देखते हुए आवश्यक जानकारी दी गई। साथ ही संवेदनशील क्षेत्रों में पशुओं को चरने के लिए नहीं छोड़ने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि मौके के निरीक्षण में किसी भी गोवंश के बाढ़ के पानी में फंसे होने की स्थिति नहीं मिली और सभी पशु सुरक्षित हैं।