युवा शक्ति की सही दिशा से ही होगा सशक्त राष्ट्र का निर्माण: अनिल जी
युवा उद्यमी संवाद कार्यक्रम में युवाओं को राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान
हरदोई। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के गौरवशाली 100 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में शहर के वैभव लॉन में युवा उद्यमी संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करने, दीप प्रज्ज्वलन एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्र प्रचारक (पूर्वी उत्तर प्रदेश) अनिल जी उपस्थित रहे। युवाओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि किसी भी राष्ट्र का भविष्य उसकी युवा शक्ति की दिशा और दशा पर निर्भर करता है। भारत दुनिया की सबसे बड़ी युवा शक्तियों में से एक है और हमारे युवाओं के पास ऊर्जा, प्रतिभा, ज्ञान, सामर्थ्य तथा कुछ नया करने का उत्साह है। आवश्यकता केवल इस ऊर्जा को सही दिशा देने की है।
उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण केवल बड़े-बड़े कार्यों से नहीं होता, बल्कि हमारे दैनिक जीवन के छोटे-छोटे कार्यों और आचरण से भी राष्ट्र निर्माण होता है। जब युवा पूरी निष्ठा से शिक्षा प्राप्त करता है, अपने कार्य में उत्कृष्टता का प्रयास करता है, समय का सदुपयोग करता है और अपने चरित्र को मजबूत बनाता है, तब वह राष्ट्र निर्माण में योगदान देता है।
अनिल जी ने युवाओं से आह्वान किया कि वे सफल होने के साथ-साथ सार्थक जीवन जीने का संकल्प लें। आधुनिक विज्ञान एवं तकनीक के क्षेत्र में आगे बढ़ने के साथ अपनी संस्कृति और जड़ों से जुड़े रहें। उन्होंने कहा कि अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों को भी समान महत्व दिया जाना चाहिए।
कार्यक्रम की प्रस्तावना विश्व हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष आशीष महेश्वरी ने रखी। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रतिष्ठित व्यवसायी यश वर्धन अग्रवाल ने की। कार्यक्रम के संयोजक विहिप के जिला कार्याध्यक्ष मोहित रहे, जबकि मंच संचालन विहिप जिला मंत्री गौरव ने किया।
इस अवसर पर विभाग संघ चालक शिव स्वरूप, विभाग प्रचारक अमरजीत, जिला प्रचारक अनिल, सह जिला कार्यवाह राम प्रताप, जिला शारीरिक शिक्षण प्रमुख राजवर्धन सहित शहर के अनेक गणमान्य व्यवसायी एवं युवा उद्यमी उपस्थित रहे।