नवाबगंज कॉलोनी में भीषण जलभराव से जनजीवन बेहाल, कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने किया निरीक्षण
हरदोई। बिलग्राम चुंगी से सटी नवाबगंज कॉलोनी में भीषण जलभराव और गंदगी की समस्या को लेकर रविवार को कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। पूरी कॉलोनी में पानी भरा होने के कारण स्थानीय लोगों, खासकर बच्चों और बुजुर्गों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय निवासियों ने प्रतिनिधिमंडल को बताया कि जलभराव के पानी में सांप भी दिखाई दे रहे हैं, जिससे लोगों में भय का माहौल बना हुआ है। वहीं कॉलोनी स्थित स्मार्ट स्टडी लाइब्रेरी में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को भी गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है।
जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विक्रम पांडेय ने कहा कि कॉलोनी में लंबे समय से जलभराव की स्थिति बनी हुई है। छोटे बच्चे और बुजुर्ग गंदे पानी से होकर निकलने को मजबूर हैं। उन्होंने प्रशासन से तत्काल जल निकासी की व्यवस्था कराने की मांग की।
शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अनुपम दीक्षित ने कहा कि हरदोई शहर से सटी कॉलोनी में जलभराव की स्थिति गंभीर है। इससे लोगों का सामान्य जीवन प्रभावित हो रहा है और बच्चों व विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बनी हुई है। उन्होंने प्रशासन से मौके पर टीम भेजकर समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की।
पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष अजय सिंह ने जलभराव के कारण गंदगी और संक्रमण का खतरा बढ़ने की बात कही। कांग्रेस महिला नेत्री मंजूलता मित्रा ने कहा कि समस्या का सबसे अधिक असर महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों पर पड़ रहा है।
कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनते हुए प्रशासन से शीघ्र जल निकासी, साफ-सफाई, कीटनाशक दवाओं के छिड़काव और आवश्यक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा उपाय किए जाने की मांग की।
निरीक्षण के दौरान जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विक्रम पांडेय, शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अनुपम दीक्षित, पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष अजय सिंह, कांग्रेस महिला नेत्री मंजूलता मित्रा, शहर कांग्रेस कमेटी उपाध्यक्ष सर्वेश कुशवाहा, महासचिव इस्लाम गाजी, जिला कांग्रेस कार्यालय से मेहताब अहमद सहित अन्य कांग्रेसजन मौजूद रहे।
स्थानीय निवासी अनिल कुमार, सुनील कुमार, सर्वेश कुमार, आदर्श कुमार, रीता देवी, मोनिका सिंह, वेदपाल, शेखर और सविता सहित अन्य लोगों ने प्रतिनिधिमंडल को जलभराव की समस्या से अवगत कराया।