विजिलेंस जागरूकता अभियान के तहत आरसेटी हरदोई में कार्यक्रम, 50 प्रशिक्षुओं ने लिया हिस्सा
हरदोई। विजिलेंस जागरूकता अभियान-2026 के अंतर्गत आरसेटी हरदोई में प्रशिक्षुओं के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य प्रशिक्षुओं को ईमानदारी, सत्यनिष्ठा, पारदर्शिता और भ्रष्टाचार की रोकथाम के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम में बैंक ऑफ इंडिया के विजिलेंस अधिकारी रंजोध सिंह ने भ्रष्टाचार की रोकथाम, वित्तीय धोखाधड़ी, साइबर अपराध, डिजिटल फ्रॉड और सुरक्षित डिजिटल बैंकिंग के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने प्रशिक्षुओं को बैंक खाता, एटीएम/डेबिट कार्ड, पासवर्ड, ओटीपी समेत अन्य गोपनीय बैंकिंग जानकारी किसी अनधिकृत व्यक्ति से साझा न करने के लिए जागरूक किया।
कार्यक्रम के दौरान चार्ट निर्माण और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें करीब 50 प्रशिक्षुओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। प्रशिक्षुओं ने भ्रष्टाचार की रोकथाम, डिजिटल धोखाधड़ी से बचाव, सतर्कता और सत्यनिष्ठा जैसे विषयों पर अपनी रचनात्मकता व ज्ञान का प्रदर्शन किया।
आरसेटी हरदोई के निदेशक विक्रांत ओझा ने प्रशिक्षुओं को संबोधित करते हुए ईमानदारी, अनुशासन, नैतिक मूल्यों और पारदर्शिता को जीवन का हिस्सा बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार की रोकथाम केवल किसी एक विभाग या संस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम के माध्यम से प्रशिक्षुओं को “सत्यनिष्ठा से समृद्धि” का संदेश दिया गया। आयोजन को युवा वर्ग में भ्रष्टाचार निरोधक जागरूकता और निवारक सतर्कता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया गया।