*जिला कलक्टर ने किया उप तहसील गच्छीपुरा का निरीक्षण*
*विभिन्न कार्यों का निरीक्षण कर दिये आवश्यक दिशा- निर्देश*
*जिला कलक्टर ने की पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव की तैयारियों की समीक्षा*
डीडवाना-कुचामन, 16 अक्टूबर। जिला कलक्टर अवधेश मीना ने शुक्रवार को उप तहसील कार्यालय गच्छीपुरा का निरीक्षण कर राजस्व कार्यों की प्रगति और प्रशासनिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने राजस्व रिकॉर्ड का संधारण, नामांतरण (म्यूटेशन), खाता विभाजन और सीमाज्ञान से जुड़े लंबित प्रकरणों की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि राजस्व कार्यों से जुड़े प्रकरणों शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। इस दौरान जिला कलक्टर ने
कार्यालय के विभिन्न अनुभागों का अवलोकन किया और स्टाफ की उपस्थिति पंजिका की जांच कर सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्धारित समय पर कार्यालय में उपस्थित रहने तथा आमजन से जुड़े कार्यों को पूरी पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ निस्तारित करने के निर्देश दिए।
इस दौरान जिला कलक्टर ने क्षेत्र में नागरिकों से जुड़ी पेयजल व विद्युत आपूर्ति एवं सड़क संबंधी समस्याओं व परिवादों की समीक्षा की और आमजन की समस्याओं का निस्तारण करने के निर्देश दिए।
इस अवसर जिला कलक्टर ने नव गठित पंचायत समिति ईटावा बामणीया के अधिकारियों की बैठक लेकर पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव से जुड़ी तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए की पंचायती राज चुनाव के मध्यनजर मतदान एवं मतदान केंद्रों से जुड़ी सभी प्रशासनिक एवं आवश्यक व्यवस्थाएँ समय पर सुनिश्चित की जाए ।
इस अवसर पर उपखंड अधिकारी मकराना बाबूलाल जाट,नायब तहसीलदार अनूप कुमार सहित विकास अधिकारी एवं उप तहसील कार्यालय के अन्य राजस्व अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
Didwana, Nagaur | Oct 16, 2026