#भरतपुर। जिले में पंचायत आम चुनावों को शांतिपूर्ण और भयमुक्त माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। एसपी राजेश कुमार मीना के निर्देश पर जिलेभर में पुलिस अधिकारियों द्वारा गांवों में फ्लैग मार्च, पैदल गश्त और सघन नाकाबंदी कर असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। साथ ही, संवेदनशील और अति संवेदनशील मतदान केंद्रों का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि चुनाव में बाधा डालने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा। प्रशासन ने आमजन से बिना किसी भय या प्रलोभन के मतदान करने और सोशल मीडिया की अफवाहों से दूर रहने की अपील की है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस नियंत्रण कक्ष या नजदीकी थाने को देने के लिए कहा गया है।