#भरतपुर। आरबीएम अस्पताल परिसर में शुक्रवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब मुख्य द्वार पर सर्जरी के कीमती उपकरणों और इम्प्लांट्स से भरा एक लावारिस बैग मिला। बैग को एक अज्ञात युवक गेट पर छोड़कर चला गया था। काफी समय तक जब कोई इसे लेने नहीं आया, तो सुरक्षा गार्डों ने जांच की और चोरी की आशंका जताते हुए सामान को अस्पताल प्रशासन के सुपुर्द कर दिया। मामले में स्थिति स्पष्ट करते हुए पीएमओ डॉ. नगेंद्र भदौरिया ने बताया कि अस्पताल में एक मरीज की सर्वाइकल इंजरी का ऑपरेशन होना था, जिसके लिए सप्लायर फर्म के जरिए ये इम्प्लांट्स मंगवाए गए थे। फर्म का कर्मचारी गलती से सामान से भरा बैग गेट पर भूल गया था। पहचान की पुष्टि के बाद बैग संबंधित कंपनी को सुरक्षित सौंप दिया गया है। डॉ. भदौरिया ने बताया कि ये उपकरण अत्यधिक कीमती होते हैं, जिन्हें अस्पताल प्रशासन कंपनियों के साथ 'रेट कॉन्ट्रैक्ट' प्रक्रिया के तहत मंगवाता है। नियम के तहत सर्जरी में जितने इम्प्लांट्स इस्तेमाल होते हैं, केवल उन्हीं का भुगतान किया जाता है और शेष बचा हुआ सामान कंपनी को वापस लौटा दिया जाता है।