#भरतपुर। जिले में पंचायती राज आम चुनावों को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए भरतपुर पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड़ पर आ गई है। जिला पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मीणा ने शनिवार को नदबई सर्किल क्षेत्र का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्थाओं और चुनावी तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने लखनपुर थाना क्षेत्र स्थित डहरा मोड़ पुलिस चौकी पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की बैठक ली, जिसमें संवेदनशील व अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों की सुरक्षा, नाकाबंदी, वाहन चेकिंग और आपराधिक तत्वों की गतिविधियों पर गहन चर्चा की गई। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) धर्मेंद्र कुमार यादव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (उच्चैन) सुरेश कुमार और नदबई वृत्ताधिकारी भवानी सिंह शेखावत सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि चुनाव के दौरान शांति भंग करने की आशंका वाले व्यक्तियों, सक्रिय अपराधियों और हिस्ट्रीशीटरों पर कड़ी निगरानी रखते हुए उनके खिलाफ सख्त निरोधात्मक कार्रवाई की जाए। उन्होंने अवैध हथियारों, अवैध शराब और चुनाव को प्रभावित करने वाली अन्य गैर-कानूनी गतिविधियों पर पूरी तरह अंकुश लगाने तथा स्थानीय सूचना तंत्र को मजबूत करने के निर्देश दिए। एसपी ने स्पष्ट किया कि पुलिस बिना किसी दबाव के निष्पक्ष और पारदर्शी रहकर कार्य करेगी, ताकि प्रत्येक मतदाता बिना किसी भय, दबाव या प्रलोभन के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सके। साथ ही चेतावनी दी कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया में बाधा उत्पन्न करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ पुलिस पूरी सख्ती से निपटेगी।