#भरतपुर। जिला कलक्टर कमर चौधरी ने शनिवार को आरबीएम चिकित्सालय परिसर में आरएसआरडीसी द्वारा करवाए जा रहे विभिन्न निर्माण कार्यों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कार्यों की धीमी प्रगति पर कड़ी नाराजगी जताते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों और संवेदक को संसाधन एवं श्रमबल बढ़ाकर युद्ध स्तर पर कार्य करने के सख्त निर्देश दिए। कलक्टर ने स्पष्ट किया कि चिकित्सा सुविधाओं से जुड़े इन महत्वपूर्ण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होगा, तथा सभी कार्य मार्च 2027 की निर्धारित समय-सीमा तक हर हाल में पूरे होने चाहिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माणाधीन जेआरएसआर क्वार्टर, नर्सिंग हॉस्टल और क्रिटिकल केयर ब्लॉक का जायजा लिया तथा एडमिन ब्लॉक का कार्य दिसंबर 2026 तक पूरा करने की हिदायत दी। उन्होंने चेतावनी दी कि शिथिलता बरतने वाले अधिकारियों और संवेदक के खिलाफ नियमानुसार कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। इस अवसर पर आरबीएम अस्पताल के अधीक्षक डॉ. नगेन्द्र भदौरिया और आरएसआरडीसी के परियोजना निदेशक सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।