#भरतपुर। महाराजा सूरजमल बृज विश्वविद्यालय के अकादमिक परिसर में सरदार वल्लभभाई पटेल के जन्म दिवस सप्ताह के तहत मनाए जा रहे सतर्कता जागरूकता सप्ताह के अंतर्गत एक विशेष व्याख्यान आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कुलगुरु प्रो. मदन सिंह राठौड़ ने कहा कि सतर्कता सुशासन की प्रथम सीढ़ी है और भ्रष्टाचार मुक्त भारत के निर्माण के लिए हमें अपने कार्यस्थल से ही ईमानदारी की शुरुआत करनी होगी। इस अवसर पर विधि विभाग के सहायक आचार्य श्री नमन अग्रवाल ने भारतीय परिप्रेक्ष्य में केंद्रीय सतर्कता आयोग की सामाजिक व विधिक भूमिका पर विस्तृत व्याख्यान दिया और लोक प्रशासन में पारदर्शिता व जवाबदेही के महत्व को समझाया। कार्यक्रम के अंत में सभी को राष्ट्रीय एकता दिवस की शपथ दिलाई गई, जिसमें बड़ी संख्या में शिक्षक, कर्मचारी और विद्यार्थी उपस्थित रहे।