बांसवाड़ा। महात्मा गांधी अस्पताल के गायनिक वार्ड में मंगलवार को अलमारी के पीछे फंसे एक घायल सांप का रेस्क्यू कर उसे नया जीवन दिया गया। सांप अलमारी के बीच फंसने से गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिससे वार्ड में अफरा-तफरी मच गई। नर्सिंग स्टाफ ने स्थानीय गौ सेवा जीव दया संस्थान के कार्यकर्ताओं को सूचना दी। कार्यकर्ताओं ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत से सांप को सुरक्षित बाहर निकाला। उसकी गंभीर हालत देखकर अस्पताल के नर्सिंग कर्मी विपिन चौबीसा ने संवेदनशीलता दिखाते हुए घाव का प्राथमिक उपचार किया और टांके लगाए। उपचार के बाद सांप की हालत में सुधार हुआ। बाद में उसे सुरक्षित वन क्षेत्र में छोड़ दिया गया।
#Banswara #MahatmaGandhiHospital #SnakeRescue #AnimalRescue #WildlifeSafety