अंडर-14 फुटबॉल राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए नागौर जिले की टीम सादुलपुर रवाना
डीडवाना। डीडवाना के बलदेव राम मिर्धा फुटबॉल स्टेडियम में 23 से 24 अगस्त के बीच आयोजित अंडर-14 सब जूनियर बालक वर्ग की जिला स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता के बाद नागौर जिले की टीम का चयन किया गया था । चयनित टीम अब राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करेगी। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन 4 से 7 सितंबर तक सादुलपुर, चूरू में किया जा रहा है।
जिला स्तरीय प्रतियोगिता के दौरान चयनकर्ताओं ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन, खेल कौशल, फिटनेस और टीम भावना को देखते हुए नागौर जिले की टीम का चयन किया। चयन प्रक्रिया में चयनकर्ता सैयद सगीर अली, चेनाराम, नईमुद्दीन, सरफराज और राजेश गढ़वाल सहित नागौर जिला फुटबॉल संघ के सहसचिव अरफत अली सहित पदाधिकारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
पूरे जोश के साथ टीम सादुलपुर रवाना
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित नागौर जिले की टीम को शुक्रवार दोपहर बाद पूरे जोश और उत्साह के साथ सादुलपुर के लिए रवाना किया गया। इस अवसर पर जिला फुटबॉल संघ के सचिव सैयद फरहत अली, जिला उपाध्यक्ष शबीक अहमद उस्मानी, सिग्मा साइंस अकादमी के डायरेक्टर एवं पूर्व नेशनल फुटबॉल खिलाड़ी जाकिर अली, लिटिल स्टार के डायरेक्टर नीलकमल, रक्षक रामकिशन मारोठिया, रामनिवास साहू सहित हीरावती आदि मौजूद रहे।
सभी ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।
टीम के साथ मैनेजर के रूप में इमरान खान और कोच के रूप में सरफराज मकराना सादुलपुर गए हैं । टीम के खिलाड़ियों में राज्य स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने और नागौर जिले का नाम रोशन करने को लेकर खासा उत्साह नजर आया।
जिला फुटबॉल संघ के सचिव सैयद फरहत अली ने कहा कि अंडर-14 स्तर पर खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराना संघ की प्राथमिकता है। जिला स्तरीय प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर टीम का चयन किया गया है। उन्होंने कहा कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में नागौर की टीम पूरी मेहनत और अनुशासन के साथ मैदान में उतरेगी। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खिलाड़ी परिणाम की चिंता किए बिना अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करें और खेल भावना के साथ जिले का प्रतिनिधित्व करें।
जिला फुटबॉल संघ के उपाध्यक्ष शबीक अहमद उस्मानी ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि कम उम्र में राज्य स्तर की प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करना खिलाड़ियों के लिए बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को मैदान पर अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ-साथ अनुशासन और टीम भावना का भी परिचय देना चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि नागौर जिले की टीम सादुलपुर में शानदार प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन करेगी।
अध्यक्ष चेतन डूडी ने खिलाड़ियों को दी शुभकामनाएं
नागौर जिला फुटबॉल संघ के अध्यक्ष चेतन डूडी ने टीम को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नागौर जिले में फुटबॉल प्रतिभाओं की कमी नहीं है। जरूरत है तो इन प्रतिभाओं को सही प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं के माध्यम से आगे बढ़ाने की। उन्होंने कहा कि जिला फुटबॉल संघ का प्रयास रहेगा कि युवा खिलाड़ियों को अधिक से अधिक प्रतियोगिताओं में खेलने का अवसर मिले, ताकि वे भविष्य में राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर जिले का प्रतिनिधित्व कर सकें।
राज्य स्तर पर दिखेगी नागौर की प्रतिभा
अंडर-14 सब जूनियर बालक वर्ग की नागौर जिले की टीम अब सादुलपुर में होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में विभिन्न जिलों की टीमों के साथ मुकाबला करेगी। जिला स्तर पर चयनित खिलाड़ियों के लिए यह प्रतियोगिता अपनी प्रतिभा को राज्य स्तर पर प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण अवसर है।
टीम के रवाना होने के दौरान मौजूद पदाधिकारियों और खेलप्रेमियों ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया और उम्मीद जताई कि नागौर की टीम प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन करेगी।
इस अवसर पर NRI एवं पूर्व सरपंच फरड़ोद हनुमान फिरड़ोदा सहित फुटबॉल से जुड़े अन्य पदाधिकारी एवं खेलप्रेमियों ने टीम को शुभकामनाएं दी ।