22 घंटे में 301 किमी दौड़कर पहुंचे रामदेवरा, बाबा के मंदिर पर फहराई डाक ध्वजा
डीडवाना। शहर के पदमानिया बास स्थित बाबा रामदेव मंदिर से रवाना हुई डाक ध्वजा यात्रा ने आस्था और अटूट श्रद्धा का अनूठा इतिहास रचा है। श्रद्धालुओं और युवाओं की टोली ने मात्र 22 घंटे में 301 किलोमीटर का अत्यंत कठिन सफर पैदल दौड़कर पूरा किया और रामदेवरा स्थित बाबा रामदेवजी के मुख्य मंदिर में पहुंचकर पवित्र डाक ध्वजा चढ़ाई।यात्रा के दौरान हाथों में बाबा की पवित्र ध्वजा थामे श्रद्धालु लगातार दौड़ते रहे। डीजे की धुन पर बाबा रामदेव जी के भक्ति भजनों पर झूमते और नाचते-गाते हुए भक्तों का उत्साह देखते ही बन रहा था। पूरे रास्ते में "जय बाबा री" के गगनभेदी जयकारों से माहौल पूरी तरह धर्ममय बना रहा।रामदेवरा पहुंचने के पश्चात श्रद्धालुओं ने बाबा रामदेवजी के दरबार में शीश नवाया और देश व क्षेत्र में सुख, शांति तथा समृद्धि की कामना की। यात्रा के दौरान आयोजकों द्वारा श्रद्धालुओं के लिए भोजन, भजन-कीर्तन, प्रसादी और निःशुल्क सुविधाओं का विशेष प्रबंध किया गया था। इस अनोखी डाक ध्वजा यात्रा की पूरे क्षेत्र में जमकर सराहना हो रही है।