वैश्य मॉडल ने डांस में और विद्यांतरिक्ष स्कूल ने झांकी में मारी बाजी
भिवानी( ): श्रीराम सामाजिक सेवा समिति द्वारा सेक्टर-13 में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर आयोजित भव्य ग्रुप डांस एवं ग्रुप झांकी प्रतियोगिता में विभिन्न स्कूलों के सैकड़ों विद्यार्थियों ने श्रीकृष्ण की लीलाओं और भारतीय संस्कृति की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का दिल जीत लिया। देर रात तक चले इस आयोजन में पूरा सेक्टर-13 कृष्णमय नजर आया और हजारों की संख्या में दर्शकों ने कार्यक्रम का आनंद लिया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार मुख्य अतिथि रहे।
ग्रुप डांस प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार वैश्य मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल ने प्राप्त किया।
द्वितीय पुरस्कार संयुक्त रूप से भिवानी पब्लिक स्कूल और जीडी गोयंका स्कूल को दिया गया। तृतीय पुरस्कार संयुक्त रूप से वात्सल्यम और इंडियन सीनियर सेकेंडरी स्कूल को मिला। सांत्वना पुरस्कार संयुक्त रूप से बिट्स इंटरनेशनल स्कूल, आरपीएस पब्लिक स्कूल और उत्तमी बाई सीनियर सेकेंडरी स्कूल को प्रदान किया गया।बेस्ट कोरियोग्राफर अवॉर्ड जीडी गोयंका स्कूल के हर्ष तनेजा को मिला।इसके अलावा सर्वश्रेष्ठ कृष्ण का पुरस्कार डीएवी पुलिस पब्लिक स्कूल, सर्वश्रेष्ठ राधा का पुरस्कार उत्तमीबाई सीनियर सेकेंडरी स्कूल, बेस्ट सपोर्टिंग एक्टर का पुरस्कार सेंट जेवियर स्कूल तथा बेस्ट कॉस्ट्यूम/सर्वश्रेष्ठ वेशभूषा का पुरस्कार वैश्य मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल को मिला। झांकी प्रतियोगिता मे विद्यांतरिक्ष सीनियर सेकेंडरी स्कूल प्रथम स्थान पर रहा। ग्रुप झांकी प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार विद्यांतरिक्ष स्कूल ने हासिल किया। द्वितीय पुरस्कार संयुक्त रूप से वैश्य मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल और सैनिक हाई स्कूल को प्रदान किया गया।
तृतीय पुरस्कार संयुक्त रूप से इंडियन सीनियर सेकेंडरी स्कूल और डीआरपी स्कूल को मिला।सांत्वना पुरस्कार संयुक्त रूप से श्री चैतन्य टेक्नो स्कूल और मदर्स केयर स्कूल को प्रदान किया गया। झांकी प्रतियोगिता में सर्वश्रेष्ठ बाल कलाकार का पुरस्कार जीडी गोयंका स्कूल के बच्चों को मिला। संस्था के प्रधान नरेंद्र शर्मा ने बताया कि श्रीराम सामाजिक सेवा समिति पिछले 21 वर्षों से लगातार श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर इस प्रकार के आयोजन करती आ रही है। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य हमारी धार्मिक एवं समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को संजोए रखना और नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति से जोडऩा है।
उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में बच्चों का उत्साह देखते ही बन रहा था। हर बच्चा स्वयं को कृष्ण और हर बच्ची स्वयं को राधा के रूप में प्रस्तुत करने के लिए लालायित थी। पूरा पंडाल खचाखच भरा हुआ था और शहर के सैकड़ों गणमान्य नागरिकों के साथ-साथ हजारों की संख्या में लोगों ने कार्यक्रम में पहुंचकर बच्चों की प्रस्तुतियों का आनंद लिया।
सेक्टर-13 का पूरा वातावरण ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो मथुरा और वृंदावन भिवानी में ही उतर आए हों। श्रीकृष्ण की लीलाओं, भजनों, रंग-बिरंगी वेशभूषाओं और बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने पूरे माहौल को भक्तिमय बना दिया।
संस्था के सचिव बलदेव शर्मा ने उपस्थित दर्शकों को श्रीराम सामाजिक सेवा समिति द्वारा वर्षभर किए जाने वाले विभिन्न सामाजिक एवं जनकल्याणकारी कार्यों की जानकारी दी। संस्था के संरक्षक दीपक बंसल ने सभी अतिथियों का स्वागत किया तथा कार्यक्रम में पधारने के लिए उनका आभार व्यक्त किया।