शिक्षक राष्ट्र के निर्माता, शिक्षा सभ्य समाज की आधारशिला : डा. पुनीत वशिष्ठ
विज्ञा कॉलेज ऑफ एजुकेशन लोहारू में हर्षोल्लास से मनाया गया शिक्षक दिवस
भिवानी, 05 सितंबर : विज्ञा कॉलेज ऑफ एजुकेशन लोहारू में शनिवार को शिक्षक दिवस के अवसर पर विशेष समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ कॉलेज के प्राचार्य डा. पुनीत वशिष्ठ ने भारत के महान शिक्षाविद् एवं पूर्व राष्ट्रपति डा. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया। इस अवसर पर प्राचार्य डा. पुनीत वशिष्ठ ने कहा कि शिक्षा मनुष्य के जीवन का आधार है। शिक्षा के बिना मनुष्य और पशु में कोई विशेष अंतर नहीं रह जाता, क्योंकि शिक्षा ही हमें मानवता, संस्कार, विवेक और सामाजिक जिम्मेदारियों का बोध कराती है। शिक्षा से प्राप्त ज्ञान ही व्यक्ति को समाज में सम्मान के योग्य बनाता है। उन्होंने कहा कि सभ्य एवं सशक्त समाज के निर्माण में शिक्षा से बढक़र कोई साधन नहीं है और इस कार्य में शिक्षकों का योगदान अतुलनीय है। उन्होंने शिक्षक की भूमिका को स्पष्ट करते हुए कहा कि माता-पिता के बाद शिक्षक ही बच्चों के व्यक्तित्व एवं भविष्य को सही दिशा देने का महत्वपूर्ण कार्य करता है। शिक्षक विद्यार्थियों के जीवन को उसी प्रकार आकार देता है, जैसे एक कुम्हार कच्ची मिट्टी को चाक पर रखकर सुंदर एवं मजबूत घड़े का रूप देता है। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल रोजगार प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि संस्कार, चरित्र निर्माण, सामाजिक समरसता और राष्ट्र निर्माण का आधार है। शिक्षा के बिना किसी भी देश का वास्तविक विकास संभव नहीं है। इस अवसर पर उप-प्राचार्य डा. उमेद शर्मा ने कहा कि शिक्षा ही मनुष्य को महान और सफल बनाती है। शिक्षा के अभाव में व्यक्ति जीवन में भटक सकता है और उसका व्यक्तित्व अधूरा रह सकता है। उन्होंने शिक्षकों को राष्ट्र निर्माता बताते हुए कहा कि विद्यार्थियों के जीवन को सही दिशा देने में शिक्षक की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों और शिक्षकों के बीच मित्रवत एवं सकारात्मक संबंध होने चाहिए, ताकि दोनों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित हो और विद्यार्थी अपने व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास कर सकें। कार्यक्रम में फार्मेसी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. नरेंद्र वत्स, ऑफिस अधीक्षक पुनीत माथुर, मनोज कुमार, मुकेश कुमार, प्रवीण, शिवम, शुभराम, प्रीतम सहित कॉलेज का समस्त शिक्षण एवं गैर-शिक्षण स्टाफ तथा विद्यार्थी उपस्थित रहे। सभी ने शिक्षक दिवस के अवसर पर शिक्षकों के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त की।