प्रेम मंदिर की तर्ज पर सजा श्री कृष्ण प्रणामी आश्रम
श्री कृष्ण प्रणामी आश्रम में भक्ति, संस्कृति व भव्य झांकियों के संग उल्लासपूर्वक मनाया जन्माष्टमी महापर्व
संस्कृति और जीवन-मूल्यों से जुडऩे की प्रेरण देता है भगवान श्रीकृष्ण का जीवन : सांसद धर्मवीर सिंह
समाज में सकारात्मक ऊर्जा और भाईचारे का संचार करते हैं धार्मिक और सांस्कृतिक महोत्सव : विधायक घनश्याम सर्राफ
भिवानी, 05 सितंबर : यदा यदा हि धर्मस्य ग्लानिर्भवति भारत...की पावन ध्वनि और भक्तिमय वातावरण के बीच स्थानीय दादरी गेट स्थित श्री कृष्ण प्रणामी आश्रम में इस वर्ष श्री कृष्ण जन्माष्टमी का महापर्व भव्य, दिव्य और अलौकिक रूप से मनाया गया। संपूर्ण आश्रम परिसर को वृंदावन के प्रसिद्ध प्रेम मंदिर की तर्ज पर मनमोहक विद्युत लडिय़ों एवं देशी-विदेशी फूलों से सजाया गया था। परमहंस संत शिरोमणि स्वामी डा. सदानन्द महाराज के सानिध्य में आयोजित इस महापर्व में हजारों श्रद्धालुओं ने शिरकत की। आश्रम के राष्ट्रीय प्रवक्ता डा. मुरलीधर शास्त्री ने भगवान श्री कृष्ण के लीलाओं और शिक्षाओं की जानकारी दी एवं आए हुए सभी अतिथियों का स्वागत एवं आभार जताया। हेमंत शास्त्री ने विधिवत वैदिक मंत्र उच्चारण के साथ स्तुति एवं अपने टीम के साथ भगवान श्री कृष्ण का पूजन करवाया।
आश्रम के राष्ट्रीय प्रवक्ता डा. मुरलीधर शास्त्री ने बताया कि भगवान श्रीकृष्ण की जीवन लीलाओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जन्माष्टमी का यह पावन अवसर केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि आस्था, समर्पण और भक्ति का महासंगम है। वृंदावन से पधारे विशेष कलाकारों ने भगवान श्री कृष्ण की बाल लीलाओं, रासलीला और मनमोहक नृत्य-झांकियों की प्रस्तुतियां देकर उपस्थित श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा क्षेत्र से सांसद चौ. धर्मवीर सिंह ने कहा कि श्री कृष्ण जन्माष्टमी सनातन परंपरा का पवित्र पर्व है। यह भगवान श्री कृष्ण के जन्मोत्सव के साथ-साथ उनके दिव्य जीवन, आदर्शों और श्रीमद्भगवद्गीता के संदेशों को आत्मसात करने की प्रेरणा देता है। भगवान कृष्ण ने मानवता को प्रेम, सद्भाव, समता और कर्तव्य के मार्ग पर चलने का संदेश दिया। आज के समय में समाज में एकता और सहयोग को सुदृढ़ करना बेहद आवश्यक है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी समृद्ध संस्कृति और सनातन संस्कारों से जोड़ते हैं।
वहीं मध्यरात्रि जन्मोत्सव के उपरांत समापन अवसर पर पहुंचे विधायक घनश्याम सर्राफ ने कहा कि भगवान श्री कृष्ण का जीवन हमें निष्काम कर्म और धर्म के पथ पर अडिग रहने की सीख देता है। ऐसे धार्मिक और सांस्कृतिक महोत्सव समाज में सकारात्मक ऊर्जा और भाईचारे का संचार करते हैं। बच्चों को भारतीय संस्कृति और भगवान श्री कृष्ण के आदर्शों से जोडऩे के लिए प्रतियोगिताएं आयोजित करना एक बेहद सराहनीय प्रयास है।
महोत्सव के दौरान संस्कार भारती की भिवानी इकाई द्वारा श्री कृष्ण की लीलाओं पर आधारित समूह नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें शहर व आस-पास के विभिन्न विद्यालयों से आई 18 प्रतिभागी टीमों ने अपनी अद्भुत कला और नृत्य प्रतिभा का प्रदर्शन कर समां बांध दिया। रात ठीक 12 बजे जैसे ही भगवान श्री कृष्ण का जन्मोत्सव हुआ, पूरा आश्रम परिसर जय श्री कृष्णा और हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की के जयकारों से गूंज उठा। शंखनाद, वैदिक मंत्रोच्चार और भव्य महाआरती के साथ भगवान का जन्मोत्सव मनाया गया, जिसके बाद श्रद्धालुओं में विशाल महाप्रसाद का वितरण किया गया।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के चेयरमैन शंकर लाल धूपड़, अतिरिक्त उपायुक्त दीपक बाबूलाल करवा, एसडीएम महेश कुमार, उद्योगपति रामचंद्र मित्तल, नरेश आहूजा, डा. कपिल शर्मा, सचिन जैन, सुरेश केडिया, डॉ. कपिल बंसल, प्रवीण शर्मा तथा पुलकित सिंगला सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष विरेंद्र कौशिक, सुनील जोशी, राकेश, दीप अग्रवाल, रमेश अग्रवाल, सीताराम, प्रेम प्रकाश गोयल, हरिकेश गुप्ता, अशोक यादव, रमेश पचेरवाल, उद्योगपति एवं समाजसेवी प्रेमप्रकाश अग्रवाल, श्रीभगवान शास्त्री, सीमा शर्मा, डा. राजेश शर्मा, हनुमान तायल, सुरेश केडिया, रमेश अग्रवाल, दिलीप मिश्रा, अशोक यादव, डा. रामचंद शास्त्री, सुरेश गर्ग दिल्ली, अमित बंसल, डा. मुरलीधर शास्त्री, डा. अनिल गौड, ओपी नंदवानी, ओमप्रकाश टुटेजा, नरेश साहु विनोद छाबड़ा, प्रेमप्रकाश, नरेश आहुजा, मीनू अग्रवाल, डा. अनिल, विनोद गाबा, डा. राजेश शर्मा, दिलीप मिश्रा सहित अनेक श्रद्धालुगण मौजूद रहे।