पूर्वी चम्पारण के 4.90 लाख वृद्धजनों, विधवाओं एवं दिव्यांगों को ₹56.82 करोड़ से अधिक की पेंशन राशि अंतरित
श्री सम्राट चौधरी,माननीय मुख्यमंत्री, बिहार के द्वारा मुंगेर के खड़गपुर हवेली में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम के माध्यम से राज्य की सभी 06 प्रमुख सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं की राशि का भुगतान सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में Direct Benefit Transfer (DBT) के माध्यम से किया गया। माननीय मुख्यमंत्री जी के द्वारा ₹1100 प्रतिमाह की पेंशन की राशि का अगस्त माह के लिए कुल 105.68 लाख पेंशनरों के खाते में 1233.87 करोड रुपए की राशि का (डीबीटी)अंतरण किया गया।
इसी कड़ी में पूर्वी चम्पारण समाहरणालय स्थित डॉ राजेन्द्र प्रसाद सभागार में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें जिलाधिकारी, उप विकास आयुक्त (DDC), अपर समाहर्ता (विभागीय जांच), जिला जन संपर्क पदाधिकारी (DPRO), सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा (ADSS) एवं अन्य विभागीय कर्मी सहित बड़ी संख्या में सामाजिक सुरक्षा पेंशन के लाभार्थी उपस्थित थे।
ज्ञातव्य है कि प्रति माह के दसवीं तारीख को सामाजिक सुरक्षा पेंशन का अंतरण लाभार्थियों के खाते में किया जाता है। इसी कड़ी में आज पूर्वी चंपारण जिला के कुल 4,90,120 सक्रिय पेंशनधारियों के बैंक खातों में कुल ₹56,82,71,500/- की राशि DBT से हस्तांतरित की गई।
वर्गवार भुगतान का विवरण:
* वृद्धजन पेंशन (मुख्यमंत्री वृद्धजन & इन्दिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था):
* मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन योजना: 2,77,716
* इन्दिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना: 1,13,695
* कुल वृद्धजन लाभार्थी: 3,91,411
* विधवा पेंशन (इन्दिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा & लक्ष्मीबाई सामाजिक सुरक्षा):
* इन्दिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन योजना: 28,060
* लक्ष्मीबाई सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना: 26,243
* कुल विधवा लाभार्थी: 34,280
* दिव्यांग पेंशन (इन्दिरा गांधी राष्ट्रीय निःशक्तता & बिहार निःशक्तता):
* इन्दिरा गांधी राष्ट्रीय निःशक्तता पेंशन योजना: 6,220
* बिहार निःशक्तता पेंशन योजना: 38,186
* कुल दिव्यांग लाभार्थी: 64,429
कुल योग: 4,90,120 लाभार्थी | ₹56,82,71,500/-
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि कि समाज के इन सभी जरूरतमंद वर्गों (वृद्धजनों, विधवाओं एवं दिव्यांगजनों) तक पेंशन का लाभ पूरी पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ पहुँचाना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि वैसे सभी पेंशनधारी जिनके द्वारा अभी तक अपना जीवन प्रमाणीकरण (केवाईसी) एवं आधार तथा बैंक खाता का सीडिंग नहीं कराया गया है, जिसके कारण उनका पेंशन बंद हुआ है, वे सभी लोग यथाशीघ्र उक्त दोनों कार्यों को करा लें ताकि उनका पेंशन पुनः चालू हो सके। जिलाधिकारी ने कहा कि ई- केवाईसी करने के दो आसान तरीके हैं जिसमें अपने नजदीकी सीएससी केंद्र पर जाकर फिंगरप्रिंट या आइरिस स्कैन के माध्यम से अथवा ई- लाभार्थी बिहार ऑफिशल पोर्टल के माध्यम से आधार ओटीपी प्रमाणीकरण द्वारा जीवन प्रमाणीकरण करा सकते हैं। इस संबंध में नजदीकी प्रखंड कार्यालय अथवा अनुमंडल कार्यालय अथवा सीएससी सेंटर से जानकारी प्राप्त किया जा सकता है।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
3 views | East Champaran, Bihar | Sep 10, 2026