मुख्यमंत्री से मुलाकात कर सांसद राजाराम सिंह ने रखी मांग, सौंपा पत्र
इन्द्रपुरी जलाशय के शीघ्र निर्माण और सोन नहरों के आधुनिकीकरण की मांग
काराकाट सांसद एवं भाकपा-माले संसदीय दल के नेता राजाराम सिंह ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर इन्द्रपुरी जलाशय के शीघ्र निर्माण और सोन नहरों के आधुनिकीकरण की मांग रखी। इस संबंध में उन्होंने मुख्यमंत्री को पत्र भी सौंपा।
सांसद राजाराम सिंह ने पत्र में कहा कि सोन नहर प्रणाली वर्ष 1874 में बनकर तैयार हुई थी। इसके माध्यम से बिहार के आठ जिलों में धान, गेहूं समेत विभिन्न फसलों की सिंचाई होती है। करीब 150 वर्ष पुरानी होने के कारण सोन नहरें अब जीर्ण-शीर्ण हो चुकी हैं, जबकि समय के साथ सिंचाई का क्षेत्र भी बढ़ा है।
उन्होंने कहा कि वाणसागर और रिहंद डैम के निर्माण के बाद सोन नहरों को पानी की कमी का सामना करना पड़ रहा है। इसी को ध्यान में रखते हुए तत्कालीन मुख्यमंत्री ने जनवरी 1990 में कदवन डैम का शिलान्यास किया था, जिसका नाम अब इन्द्रपुरी जलाशय हो गया है।
सांसद ने कहा कि नवीनगर के दोनों थर्मल पावर प्लांटों को भी सोन के पानी की आवश्यकता है। ऐसे में इन्द्रपुरी जलाशय का शीघ्र निर्माण और सोन नहरों का आधुनिकीकरण बेहद जरूरी है। उन्होंने मुख्यमंत्री से इस दिशा में तत्काल पहल करने का आग्रह किया, ताकि बिहार की सिंचाई व्यवस्था मजबूत हो और किसानों को पर्याप्त पानी मिल सके।