शिवसागर में राष्ट्रीय पोषण माह के तहत कार्यक्रम, डीडीसी ने आंगनवाड़ी केंद्रों का किया निरीक्षण
रोहतास, जिले में 9वें राष्ट्रीय पोषण माह-2026 के तहत शुक्रवार को शिवसागर प्रखंड में विभिन्न पोषण गतिविधियों का आयोजन किया गया। इस दौरान उप विकास आयुक्त ने कार्यक्रम का निरीक्षण किया। भारत सरकार के महिला एवं बाल विकास मंत्रालय द्वारा राष्ट्रीय पोषण माह का आयोजन 9 सितंबर से 8 अक्टूबर तक किया जा रहा है। इस वर्ष इसकी थीम “हमारी आंगनवाड़ी, हमारी जिम्मेदारी” रखी गई है।
कार्यक्रम के दौरान महिला पर्यवेक्षिकाओं एवं आंगनवाड़ी सेविकाओं ने विभिन्न अनाज और स्थानीय खाद्य सामग्रियों से आकर्षक कलाकृतियां एवं पौष्टिक व्यंजनों की प्रदर्शनी लगाई। प्रदर्शनी के माध्यम से स्थानीय स्तर पर उपलब्ध खाद्य पदार्थों के महत्व और दैनिक आहार में इनके उपयोग का संदेश दिया गया। इस अवसर पर अन्नप्राशन एवं गोद भराई कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। अन्नप्राशन के माध्यम से बच्चों को उम्र के अनुरूप पूरक आहार देने तथा गोद भराई के जरिए गर्भावस्था के दौरान मातृ स्वास्थ्य एवं संतुलित पोषण पर ध्यान देने के प्रति जागरूक किया गया। उप विकास आयुक्त ने कहा कि पोषण किसी एक विभाग या योजना तक सीमित विषय नहीं है, बल्कि स्वस्थ परिवार और स्वस्थ समाज की आधारशिला है। गर्भावस्था से लेकर बच्चे के शुरुआती वर्षों तक संतुलित पोषण पर विशेष ध्यान देना जरूरी है। उन्होंने सेविकाओं एवं महिला पर्यवेक्षिकाओं को जन-जागरूकता गतिविधियों को प्रभावी बनाने और गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं, किशोरियों एवं बच्चों तक पोषण संबंधी सही जानकारी पहुंचाने का निर्देश दिया। कार्यक्रम का समापन “सही पोषण–स्वस्थ परिवार–सशक्त समाज” के संदेश के साथ हुआ।