सासाराम व बिक्रमगंज कारा की व्यवस्थाओं की डीएम ने की समीक्षा,जल निकासी, स्वास्थ्य सुविधा और सड़क व्यवस्था दुरुस्त करने का दिया निर्देश
रोहतास जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा ने गुरुवार को अपने कार्यालय कक्ष में सासाराम मंडल कारा एवं बिक्रमगंज कारा की व्यवस्थाओं की समीक्षा की। बैठक में दोनों काराओं के अधीक्षक मौजूद रहे।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने काराओं में बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं और आवश्यक व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने विशेष रूप से कारा परिसर में जल निकासी की व्यवस्था, चिकित्सकीय सुविधाएं, डॉक्टरों की उपलब्धता, कारा तक पहुंचने वाली सड़क तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं की स्थिति की समीक्षा की।
डीएम ने निर्देश दिया कि दोनों काराओं में उपलब्ध सुविधाओं को बेहतर और सुचारू बनाए रखा जाए। किसी भी प्रकार की कमी पाए जाने पर उसका तत्काल निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने जल निकासी की समुचित व्यवस्था, बंदियों के लिए आवश्यक चिकित्सा सुविधा और डॉक्टरों की उपलब्धता पर विशेष ध्यान देने को कहा।
जिलाधिकारी ने दोनों कारा अधीक्षकों को काराओं की व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा एवं अनुश्रवण करने तथा कमियों को प्राथमिकता के आधार पर दूर कराने का निर्देश दिया। उन्होंने बंदियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने और कारा की व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।