स्थानीय युवाओं के रोजगार को लेकर सीएम से मिले विधायक आलोक कुमार सिंह
कोका-कोला, पेप्सी जैसी औद्योगिक इकाइयों में स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता देने की रखी मांग
दिनारा। दिनारा विधानसभा क्षेत्र के योग्य एवं शिक्षित स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता दिलाने की मांग को लेकर विधायक आलोक कुमार सिंह ने मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के युवाओं की रोजगार संबंधी समस्याओं से मुख्यमंत्री को अवगत कराते हुए बिहार में संचालित कोका-कोला, पेप्सी जैसी बड़ी औद्योगिक इकाइयों में स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता देने की मांग रखी।
विधायक ने मुख्यमंत्री को बताया कि औद्योगिक इकाइयों के आसपास बड़ी संख्या में योग्य एवं शिक्षित स्थानीय युवा मौजूद हैं, लेकिन उन्हें अपेक्षा के अनुरूप रोजगार के अवसर नहीं मिल पा रहे हैं। युवाओं एवं अभिभावकों की ओर से लगातार इस संबंध में शिकायतें मिल रही थीं। इसी को गंभीरता से लेते हुए विधायक ने मुख्यमंत्री के समक्ष यह मुद्दा उठाया।
मुलाकात के दौरान विधायक आलोक कुमार सिंह ने स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने तथा औद्योगिक इकाइयों में नियुक्ति के दौरान स्थानीय योग्य अभ्यर्थियों को प्राथमिकता देने की दिशा में आवश्यक पहल करने का आग्रह किया।
विधायक ने बताया कि मुख्यमंत्री ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए युवा रोजगार एवं कौशल विभाग, बिहार सरकार को आवश्यक कार्रवाई के लिए पत्र अग्रसारित किया है। उन्होंने मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताते हुए उम्मीद व्यक्त की कि विभाग जल्द इस दिशा में सकारात्मक कदम उठाएगा।
विधायक ने कहा कि युवाओं का रोजगार और उनका बेहतर भविष्य उनकी प्राथमिकता है। क्षेत्र के लोगों की समस्याओं को सरकार तक पहुंचाना और उनके समाधान के लिए प्रयास करना उनकी जिम्मेदारी है।