जनता दरबार में 34 शिकायतों की हुई सुनवाई, अधिकारियों को त्वरित निष्पादन का निर्देश
जहानाबाद: आमजनों की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान को लेकर सोमवार, 31 अगस्त को जिला पदाधिकारी श्रीमती छिरिङ वाई भूटिया की अध्यक्षता में जिला स्तरीय जनता दरबार का आयोजन किया गया। जनता दरबार में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 34 आवेदन एवं शिकायतें प्राप्त हुईं। डीएम ने सभी मामलों की गंभीरता से सुनवाई करते हुए संबंधित पदाधिकारियों को जांच कर नियमानुसार समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
जनता दरबार में दिव्यांगता प्रमाण-पत्र, वाहन अनुबंध विस्तार, जमीन पर कब्जा दिलाने, नाली-गली निर्माण, जन वितरण प्रणाली, ट्रांसफार्मर लगाने, पक्की सड़क निर्माण, आवास उपलब्ध कराने, विकास मित्र नियोजन, चापाकल बोरिंग, नल-जल योजना की खराबी, नाली-गली की सफाई एवं मरम्मत, दुकान पर कब्जा, विद्युत विपत्र सुधार, भूमि विवाद, परिमार्जन एवं जमीन की नापी समेत कई मामले सामने आए।
दिव्यांगता प्रमाण-पत्र से संबंधित मामले में सिविल सर्जन को आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया गया। वाहन अनुबंध विस्तार के मामले में जिला पशुपालन पदाधिकारी तथा जमीन पर कब्जा दिलाने से संबंधित शिकायत में संबंधित अंचल अधिकारी को जांच कर कार्रवाई करने को कहा गया।
जन वितरण प्रणाली से जुड़ी दोनों शिकायतों की जांच के निर्देश संबंधित पदाधिकारी को दिए गए। वहीं, ट्रांसफार्मर लगाने और विद्युत विपत्र में सुधार से संबंधित मामलों में विद्युत विभाग को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया। पक्की सड़क निर्माण के मामले में पथ निर्माण विभाग तथा विकास मित्र नियोजन के मामले में जिला कल्याण पदाधिकारी को नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
चापाकल बोरिंग एवं नल-जल योजना की खराबी से संबंधित शिकायतों पर लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग को स्थल जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया। नाली-गली निर्माण, सफाई एवं मरम्मत से जुड़े मामलों में संबंधित स्थानीय पदाधिकारियों को जांच कर समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। दुकान पर कब्जा से संबंधित शिकायत में अनुमंडल पदाधिकारी को नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा गया।
भूमि विवाद से जुड़े दोनों मामलों में भूमि सुधार उप समाहर्ता को नियमानुसार सुनवाई एवं निष्पादन का निर्देश दिया गया। वहीं, परिमार्जन, जमीन पर कब्जा और भूमि नापी से संबंधित मामलों में राजस्व पदाधिकारियों को अभिलेखों की जांच एवं स्थल सत्यापन कर समयबद्ध कार्रवाई करने को कहा गया।
डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनता दरबार में प्राप्त शिकायतों का गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ निष्पक्ष जांच करते हुए तार्किक, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए और सभी पदाधिकारी शिकायतों की नियमित समीक्षा कर शीघ्र समाधान सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि “सबका सम्मान–जीवन आसान” की भावना के अनुरूप आमजनों की समस्याओं का संवेदनशील, पारदर्शी, समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान जिला प्रशासन की प्राथमिकता है।
जनता दरबार में उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, अपर समाहर्ता विशेष कार्यक्रम, अपर समाहर्ता विभागीय जांच सहित सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।