रात में थानों में चला कांड दैनिकी लेखन का विशेष सत्र
जहानाबाद: पुलिस अधीक्षक किरण कुमार के निर्देश पर सोमवार की रात जिले के सभी थाना परिसरों में थानाध्यक्षों की देखरेख में अनुसंधानकर्ताओं के साथ कांड दैनिकी लेखन का विशेष सत्र आयोजित किया गया।
इस विशेष सत्र का मुख्य उद्देश्य अनुसंधान की गुणवत्ता में सुधार, लंबित कांडों का त्वरित निष्पादन तथा केस डायरी लेखन के दौरान अनुसंधानकर्ताओं को आने वाली व्यावहारिक कठिनाइयों का समाधान करना था। सत्र के दौरान अनुसंधानकर्ताओं को कांड दैनिकी को व्यवस्थित, तथ्यपरक और समयबद्ध तरीके से तैयार करने को लेकर आवश्यक मार्गदर्शन दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने अनुसंधान में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने और लंबित मामलों के निष्पादन में तेजी लाने पर जोर दिया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश के बाद रात में आयोजित इस विशेष सत्र से अनुसंधानकर्ताओं को केस डायरी लेखन से जुड़ी समस्याओं के समाधान में मदद मिलने की उम्मीद है।