पीएम श्री विद्यालयों में छात्राओं को मिलेगा आत्मरक्षा का प्रशिक्षण
आत्मविश्वास, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता पर दिया जा रहा जोर
जजहानाबाद: जिला पदाधिकारी, जहानाबाद छिरिङ वाई भूटिया के निर्देश पर जिले के सभी पीएम श्री विद्यालयों में छात्राओं के लिए आत्मरक्षा प्रशिक्षण की शुरुआत की गई है। प्रशिक्षण का उद्देश्य छात्राओं को विषम एवं आपात परिस्थितियों में स्वयं की सुरक्षा के लिए सक्षम बनाने के साथ उनमें आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता की भावना विकसित करना है।
प्रशिक्षण के दौरान छात्राओं को आत्मरक्षा से जुड़ी विभिन्न आवश्यक तकनीकों का अभ्यास कराया जा रहा है। साथ ही, उन्हें सतर्कता, साहस, अनुशासन और मानसिक दृढ़ता के महत्व के बारे में भी बताया जा रहा है।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि छात्राओं के लिए आत्मरक्षा प्रशिक्षण बेहद महत्वपूर्ण है। इससे वे अपनी सुरक्षा के प्रति अधिक सजग और सक्षम बनेंगी। साथ ही, उनमें आत्मविश्वास तथा कठिन परिस्थितियों में सही निर्णय लेने की क्षमता का भी विकास होगा।
उन्होंने कहा कि हमारी बेटियां सुरक्षित, सशक्त, निर्भीक और आत्मनिर्भर बनें, इसी उद्देश्य से विद्यालय स्तर पर इस प्रकार के प्रशिक्षण को बढ़ावा दिया जा रहा है।
जिला पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं विद्यालय प्रबंधन को निर्देश दिया है कि आत्मरक्षा प्रशिक्षण का नियमित संचालन सुनिश्चित किया जाए और अधिक से अधिक छात्राओं को इसमें शामिल किया जाए।