प्रेस विज्ञप्ति
राजगीर महोत्सव-2026 के तीसरे दिन कृषि यांत्रिकरण मेला का भव्य उद्घाटन, किसानों को आधुनिक कृषि यंत्रों एवं विभागीय योजनाओं का लाभ लेने की अपील
राजगीर, नालन्दा | दिनांक: 28 नवम्बर 2026
राजगीर महोत्सव-2026 के तीसरे दिन, दिनांक 28 नवम्बर 2026 को कृषि विभाग, बिहार सरकार द्वारा आयोजित कृषि यांत्रिकरण मेला का उद्घाटन निदेशक, भूमि संरक्षण, बिहार, पटना के कर-कमलों द्वारा किया गया। इस अवसर पर जिला कृषि पदाधिकारी नालंदा, उप निदेशक, कृषि अभियंत्रण नालंदा, मुख्यालय, पटना से उप निदेशक, कृषि अभियंत्रण, बिहार, पटना, सहित नालन्दा जिले के जिला स्तरीय कृषि पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी तथा कर्मी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए निदेशक, भूमि संरक्षण, बिहार, पटना ने कृषि यांत्रिकरण के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में कृषि कार्यों को अधिक सरल, सुगम, कम खर्चीला एवं लाभकारी बनाने के लिए कृषि यंत्रों का उपयोग अत्यंत आवश्यक है। कृषि यांत्रिकरण से किसानों के समय एवं श्रम की बचत होती है तथा कृषि उत्पादन एवं उत्पादकता में वृद्धि करने में सहायता मिलती है। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे कृषि विभाग द्वारा संचालित कृषि यांत्रिकरण योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं तथा अपनी आवश्यकता के अनुरूप आधुनिक कृषि यंत्रों का उपयोग करें।
उन्होंने विशेष रूप से फसल अवशेष प्रबंधन (Crop Residue Management) के महत्व पर चर्चा करते हुए कहा कि फसल अवशेषों का उचित प्रबंधन पर्यावरण संरक्षण, मृदा स्वास्थ्य एवं टिकाऊ कृषि के लिए अत्यंत आवश्यक है। फसल अवशेषों को खेतों में जलाने के बजाय आधुनिक कृषि यंत्रों के माध्यम से उनका उचित प्रबंधन किया जाना चाहिए।
निदेशक, भूमि संरक्षण ने कृषि यांत्रिकरण मेला के सफल आयोजन एवं बेहतर संचालन के लिए सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के मेलों के आयोजन से किसानों को एक ही स्थान पर आधुनिक कृषि यंत्रों, तकनीकी जानकारियों एवं सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त होती है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देश दिया कि वे आपसी समन्वय एवं बेहतर कार्यप्रणाली के माध्यम से मेला का सफल संचालन सुनिश्चित करें। साथ ही विभाग द्वारा संचालित सभी योजनाओं में शत-प्रतिशत लक्ष्य की प्राप्ति सुनिश्चित करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता एवं तत्परता से कार्य करने का निर्देश दिया।
इस अवसर पर मुख्यालय, पटना से उपस्थित उप निदेशक, कृषि अभियंत्रण, बिहार, पटना ने किसानों को मृदा एवं जल संरक्षण के महत्व के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कृषि की दीर्घकालिक उत्पादकता बनाए रखने के लिए मिट्टी एवं जल का संरक्षण अत्यंत महत्वपूर्ण है। प्राकृतिक संसाधनों का संतुलित एवं वैज्ञानिक उपयोग कर कृषि भूमि की उर्वरता को बनाए रखा जा सकता है।
कार्यक्रम में जिला कृषि पदाधिकारी, नालन्दा द्वारा कृषि विभाग के माध्यम से संचालित विभिन्न महत्वपूर्ण योजनाओं की विस्तृत जानकारी किसानों को दी गई। उन्होंने बीज वितरण योजना के अंतर्गत गुणवत्तापूर्ण बीज की उपलब्धता एवं वितरण, उर्वरक की उपलब्धता एवं संतुलित उपयोग, फार्मर रजिस्ट्री के महत्व तथा कृषि विभाग द्वारा विकसित एवं संचालित कृषि ऐप के उपयोग के संबंध में विस्तार से बताया।
उन्होंने किसानों को फार्मर रजिस्ट्री कराने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि किसानों का सही एवं अद्यतन पंजीकरण विभागीय योजनाओं का लाभ पारदर्शी एवं सुगम तरीके से प्राप्त करने की दिशा में महत्वपूर्ण है। साथ ही कृषि ऐप के माध्यम से विभागीय योजनाओं, कृषि संबंधी तकनीकी जानकारियों एवं अन्य उपयोगी सूचनाओं का लाभ लेने की अपील की। उन्होंने किसानों से उर्वरकों का संतुलित एवं वैज्ञानिक उपयोग करने तथा प्रमाणित एवं गुणवत्तापूर्ण बीजों का चयन करने का भी अनुरोध किया। उन्होंने किसानों को मृदा संरक्षण, जल संचयन एवं जल के समुचित उपयोग से संबंधित उपायों को अपनाने के लिए प्रेरित किया।
कृषि मेला के माध्यम से किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, कृषि यंत्रों, अनुदान की प्रक्रिया एवं विभागीय योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य किसानों को नवीनतम कृषि तकनीक से जोड़ना, कृषि लागत में कमी लाना, उत्पादन एवं उत्पादकता में वृद्धि करना तथा कृषि को अधिक लाभकारी बनाना है।
अंत में जिला कृषि पदाधिकारी ने सभी किसानों से अपील की कि वे कृषि विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कृषि यांत्रिकरण मेला का भरपूर लाभ उठाएं। उन्होंने विभागीय पदाधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देश दिया कि वे किसानों को योजनाओं की जानकारी देने, पात्र किसानों तक लाभ पहुंचाने तथा विभागीय लक्ष्यों की शत-प्रतिशत उपलब्धि सुनिश्चित करने के लिए पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करें।
उपनिदेशक कृषि अभियंत्रण नालंदा ने किसानों को कृषि यंत्रों के लाभ लेने हेतु प्रेरित किया. इसके लिए कृषि विभाग द्वारा किसानों को विभिन्न कृषि यंत्रों की खरीद पर 40 प्रतिशत से लेकर 80 प्रतिशत तक अनुदान उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने किसानों से आग्रह किया कि वे इस अनुदान योजना का लाभ उठाकर फसल अवशेष प्रबंधन को बढ़ावा दें तथा पराली जलाने जैसी हानिकारक गतिविधियों से बचें।
जिला कृषि पदाधिकारी, नालंदा।
Samrat Choudhary
CMO Bihar
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Department of Agriculture, Government of Bihar
Nalanda, Bihar | Nov 28, 2026