प्रेस विज्ञप्ति
नालंदा
जिला जन सम्पर्क कार्यालय नालन्दा।
....................................................
राजगीर में राज्य स्तरीय अंतर प्रमंडल हॉकी बालिका विद्यालय खेल प्रतियोगिता 2026-27 का भव्य शुभारंभ
खेल विभाग, बिहार सरकार, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, पटना एवं जिला प्रशासन, नालंदा के संयुक्त तत्वावधान में राज्य स्तरीय (अंतर प्रमंडल) हॉकी अंडर-14, अंडर-17 एवं अंडर-19 बालिका विद्यालय खेल प्रतियोगिता 2026-27 का आयोजन दिनांक 28 से 30 नवंबर 2026 तक खेल परिसर, राजगीर, नालंदा में किया जा रहा है।
प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर जिला खेल पदाधिकारी-सह-जिला परिवहन पदाधिकारी, नालंदा रवि रंजन, राज्य खेल परिसर, राजगीर के उपनिदेशक मिथिलेश कुमार एवं अंतरराष्ट्रीय रेफरी रेंसी राकेश राज उपस्थित रहे। अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर प्रतियोगिता का उद्घाटन किया तथा खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल भावना, अनुशासन एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
इस तीन दिवसीय प्रतियोगिता में बिहार के सभी 9 प्रमंडलों एवं एकलव्य बिहार के चयनित खिलाड़ी तीनों आयु वर्गों में भाग ले रही हैं। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे। खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा, तकनीक, अनुशासन एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन के माध्यम से अपनी-अपनी टीमों को विजय दिलाने के लिए मैदान में उतरेंगी।
प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य विद्यालय स्तर पर हॉकी खेल को प्रोत्साहित करना, ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों की प्रतिभाओं को बेहतर मंच प्रदान करना तथा राज्य में हॉकी खेल के विकास को नई दिशा देना है। इस आयोजन के माध्यम से प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने एवं भविष्य में राष्ट्रीय स्तर पर बिहार का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा।
आयोजन समिति द्वारा खिलाड़ियों के आवासन, भोजन, खेल मैदान एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की गई है, ताकि प्रतियोगिता का संचालन सुचारू एवं व्यवस्थित रूप से किया जा सके।
इस अवसर पर जिला खेल पदाधिकारी-सह-जिला परिवहन पदाधिकारी, नालंदा रवि रंजन, राज्य खेल परिसर, राजगीर के उपनिदेशक मिथिलेश कुमार, अंतरराष्ट्रीय रेफरी रेंसी राकेश राज, जिला खेल कार्यालय के लिपिक मुन्ना कुमार एवं सौरभ कुमार सहित शारीरिक शिक्षक बिपिन कुमार, सूरज कुमार, नवीन कुमार, विभा कुमारी, पूनम कुमारी, कविता कुमारी, ममता कुमारी, सरिता कुमारी, संजय पटेल, मृत्युंजय कुमार एवं शशिकांत कुमार आर्य सहित अन्य शारीरिक शिक्षक उपस्थित रहे।
वहीं, प्रतियोगिता के सफल एवं निष्पक्ष संचालन के लिए तकनीकी पदाधिकारी गौतम कुमार, प्रीति सिंह एवं राजा सिंह राणा सहित अन्य तकनीकी पदाधिकारी अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
बिहार सरकार, खेल विभाग एवं बिहार राज्य खेल प्राधिकरण का निरंतर प्रयास है कि राज्य की युवा महिला खिलाड़ियों को बेहतर खेल सुविधाएं एवं प्रतिस्पर्धात्मक मंच उपलब्ध कराया जाए, जिससे वे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर बिहार का नाम रोशन कर सकें।
Samrat Choudhary
CMO Bihar
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Sports of Bihar
Bihar Sports University, Rajgir
Department of Sports, MYAS, Government of India
Bihar State Sports Authority - BSSA
Hockey India
Nalanda, Bihar | Nov 28, 2026