प्रेस विज्ञप्ति
नालंदा
दिनांक : 27 नवंबर 2026
जिला जनसंपर्क कार्यालय, नालंदा।
'जो तेरे खातिर तड़पे, उसको क्या तड़पाना...' से हर्षदीप ने जीता दिल, राजगीर महोत्सव में गूंजे बॉलीवुड के लोकप्रिय नगमे
'जालिमा' से की दूसरी शाम की शुरुआत, 'आज दिन चढ़ेया', 'हीर', 'कबीरा', 'बन्नो' और 'दमा दम मस्त कलंदर' से सजाई संगीत की महफिल; भारी भीड़ के बीच दर्शकों ने मोबाइल का फ्लैश जलाकर किया अभिनंदन, सूफियाना आवाज और पंजाबी अंदाज पर झूमे संगीत प्रेमी
राजगीर: 'जो तेरे खातिर तड़पे, उसको क्या तड़पाना वे जालिमा...' फिल्म 'रईस' के इस लोकप्रिय रोमांटिक गीत की पंक्तियों के साथ जैसे ही बॉलीवुड की मशहूर गायिका हर्षदीप कौर ने राजगीर महोत्सव की दूसरी शाम अपनी गायिकी का आगाज किया, पूरा महोत्सव स्थल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। उनकी मखमली आवाज में 'जालिमा' की धुन ने संगीत प्रेमियों को पहली ही प्रस्तुति में अपना दीवाना बना लिया। दूसरे दिन महोत्सव में दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ी थी। हर उम्र के संगीत प्रेमी अपने पसंदीदा कलाकार को सुनने के लिए पहुंचे थे। दर्शकों के उत्साह का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता था कि गीतों के बीच बड़ी संख्या में लोगों ने अपने मोबाइल फोन का फ्लैश जलाकर हर्षदीप कौर का अभिनंदन किया। पूरा परिसर मोबाइल की रोशनी से जगमगाता नजर आया। हर्षदीप कौर ने अपनी गायिकी का सिलसिला आगे बढ़ाते हुए फिल्म 'जब तक है जान' का लोकप्रिय गीत 'आज दिन चढ़ेया तेरे रंग वरगा...' प्रस्तुत किया। रोमांस और मोहब्बत के एहसास से भरे इस गीत ने वातावरण को खुशनुमा बना दिया। उनकी आवाज में गीत की मिठास और भावनात्मक अभिव्यक्ति ने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। दर्शक भी गीत की धुन के साथ गुनगुनाते नजर आए। मोबाइल की रोशनी और तालियों की गूंज ने इस प्रस्तुति को और खास बना दिया।
इसके बाद उन्होंने सूफी अंदाज में 'सांसों की माला पे सिमरूं मैं पी का नाम...' गीत की प्रस्तुति दी। वहीं "में प्रेम की माला पी आया , एक पल मै सदिया जी आया, सारी मधुशाला में पी आया" इस गीत के जरिए महोत्सव की शाम में भक्ति और सूफियाना संगीत का रंग घुल गया। हर्षदीप की आवाज की खासियत रही कि वह हर गीत के साथ अपना अंदाज बदलती रहीं। कभी रोमांटिक नगमों की मिठास तो कभी सूफी संगीत की गहराई ने दर्शकों को बांधे रखा। संगीत की महफिल में अगला आकर्षण फिल्म 'जब तक है जान' का मशहूर गीत 'हीर हीर ना आखो अड़ियो...' रहा। पंजाबी लोक संगीत की खुशबू से भरे इस गीत को हर्षदीप ने बेहद भावपूर्ण अंदाज में पेश किया। उनकी आवाज में प्रेम और विरह की भावनाएं जीवंत हो उठीं। गीत की मधुर धुन ने दर्शकों को भावुक कर दिया। इस दौरान भी तालियों और मोबाइल फ्लैश के जरिए दर्शकों ने गायिका के प्रति अपना उत्साह जाहिर किया।
इसके बाद फिल्म 'ये जवानी है दीवानी' का लोकप्रिय गीत 'कबीरा मान जा...' सुनाकर उन्होंने माहौल को फिर एक नए रंग में रंग दिया। गीत के भावपूर्ण बोल और मधुर धुन ने श्रोताओं को भावुक कर दिया। वहीं फिल्म 'तनु वेड्स मनु' का चर्चित गीत 'बन्नो तेरा स्वैगर लागे सेक्सी...' की प्रस्तुति ने महफिल में पंजाबी मस्ती और शादी-ब्याह का रंग भर दिया। इस गीत पर दर्शकों में खास उत्साह देखने को मिला। युवाओं के साथ अन्य दर्शक भी इसकी धुन पर झूमते और गुनगुनाते नजर आए। कार्यक्रम का एक और खास आकर्षण मशहूर सूफी गीत 'दमा दम मस्त कलंदर' रहा। हर्षदीप कौर ने जब इस लोकप्रिय सूफी नगमे को अपनी दमदार आवाज में पेश किया तो महोत्सव स्थल का माहौल पूरी तरह संगीत की मस्ती में डूब गया। गीत की लय और सूफियाना अंदाज पर दर्शक झूम उठे। तालियों की गूंज के बीच लोगों ने मोबाइल का फ्लैश जलाकर अपनी खुशी जाहिर की। इस प्रस्तुति ने महफिल में ऐसा रंग जमाया कि दर्शक भी गीत के साथ सुर मिलाते दिखाई दिए। सूफी संगीत की रूहानियत और पंजाबी लोकधुनों की मस्ती का यह संगम शाम का खास आकर्षण बन गया। हर्षदीप कौर की प्रस्तुति की सबसे खास बात रही कि उन्होंने बॉलीवुड के रोमांटिक गीतों, पंजाबी लोकधुनों और सूफी संगीत को एक ही मंच पर खूबसूरती से पिरोया। उनकी आवाज में मिठास के साथ एक अलग तरह की ऊर्जा भी दिखाई दी। हर गीत के बाद दर्शकों की तालियां और उत्साह उनकी लोकप्रियता का अहसास करा रहे थे। भारी भीड़ के बीच मोबाइल कैमरों में लोग इन यादगार पलों को कैद करते रहे। कई गीतों के दौरान मोबाइल फ्लैश की रोशनी से पूरा दर्शक दीर्घा जगमगाता रहा। दर्शकों की यह भागीदारी कलाकार और श्रोताओं के बीच खूबसूरत जुड़ाव का अहसास करा रही थी। दूसरे दिन दर्शकों की भारी भीड़ के कारण महोत्सव स्थल खचाखच भरा रहा। राजगीर महोत्सव जैसे राजकीय और सार्वजनिक आयोजन में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों के साथ दूर-दराज से भी दर्शक पहुंचते हैं। हर्षदीप कौर की शानदार गायिकी ने राजगीर महोत्सव की दूसरी शाम को संगीत के नाम कर दिया। 'जालिमा' की रोमांटिक शुरुआत से लेकर 'आज दिन चढ़ेया', 'सांसों की माला', 'हीर', 'कबीरा', 'बन्नो' और 'दमा दम मस्त कलंदर' तक, हर प्रस्तुति ने महोत्सव की शाम में संगीत के कई रंग बिखेरे। भारी भीड़, दर्शकों की तालियां और मोबाइल फ्लैश की जगमगाहट के बीच हर्षदीप की सुरीली आवाज देर तक राजगीर की वादियों में गूंजती रही।
Samrat Choudhary
CMO Bihar
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Art, Culture and Youth Department, Government of Bihar
Department of Tourism, Government of Bihar
2 views | Nalanda, Bihar | Nov 27, 2026