प्रेस विज्ञप्ति
महिला अधिकारों और सशक्तीकरण पर शक्ति संवाद के पांचवें संस्करण का राजगीर में शुभारंभ
‘शक्ति संवाद’ के पांचवें संस्करण का उद्घाटन; 20 राज्यों के 105 प्रतिनिधि ले रहे हिस्सा
राजगीर, 27 नवंबर 2026
महिलाओं के अधिकारों की सुरक्षा, सम्मान एवं सशक्तीकरण तथा उनसे जुड़ी चुनौतियों के समाधान के लिए राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) एवं बिहार राज्य महिला आयोग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यक्रम ‘शक्ति संवाद’ के पांचवें संस्करण का आज राजगीर में शुभारंभ हुआ। होटल तथागत अशोक, राजगीर में आयोजित उद्घाटन सत्र में देश के 20 राज्यों से 105 प्रतिनिधि शामिल हुए। इनमें विभिन्न राज्यों के महिला आयोगों के अध्यक्ष, सदस्य, सदस्य सचिव एवं अन्य प्रतिनिधि शामिल हैं।
उद्घाटन सत्र में राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष श्रीमती विजया रहाटकर, बिहार सरकार के ग्रामीण विकास एवं सूचना एवं जन-सम्पर्क विभाग के मंत्री श्री श्रवण कुमार, बिहार राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष श्रीमती अप्सरा, लोकसभा सांसद श्री कौशलेंद्र कुमार, राष्ट्रीय महिला आयोग के सदस्य सचिव श्री सुदीप जैन, राष्ट्रीय महिला आयोग की संयुक्त सचिव श्रीमती अनीता शाह अकेला, श्रीमती अर्चना मिश्रा — सदस्य, राष्ट्रीय महिला आयोग, सुश्री निवदीदा सुब्रमण्यम — सदस्य राष्ट्रीय महिला आयोग तथा बिहार राज्य महिला आयोग की सदस्य सचिव श्रीमती इनायत खान सहित विभिन्न राज्यों के महिला आयोगों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
महिला सशक्तीकरण सामाजिक न्याय और समावेशी विकास की बुनियाद : श्रवण कुमार
उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए बिहार सरकार के ग्रामीण विकास एवं सूचना एवं जन-सम्पर्क विभाग के मंत्री श्री श्रवण कुमार ने कहा कि किसी भी समाज और राष्ट्र का वास्तविक विकास तभी संभव है, जब महिलाएं शिक्षित, सुरक्षित, आत्मनिर्भर और आर्थिक रूप से सशक्त हों। महिला सशक्तीकरण केवल महिलाओं के अधिकारों का विषय नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय, समानता और समावेशी विकास की बुनियाद है।
उन्होंने बिहार में महिलाओं के सामाजिक, आर्थिक एवं राजनीतिक सशक्तीकरण के लिए किए गए विभिन्न प्रयासों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि पंचायती राज संस्थाओं एवं नगर निकायों में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण, सरकारी नौकरियों में 35 प्रतिशत आरक्षण तथा बालिकाओं के लिए साइकिल, छात्रवृत्ति एवं पोशाक योजनाओं जैसी पहलों ने महिलाओं एवं बालिकाओं के सशक्तीकरण को नई दिशा दी है।
श्री श्रवण कुमार ने जीविका के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की पहल का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 2006 में शुरू हुआ जीविका का प्रयास आज व्यापक महिला सशक्तीकरण आंदोलन का रूप ले चुका है। उन्होंने बिहार में पूर्ण शराबबंदी के निर्णय का उल्लेख करते हुए कहा कि इसे महिलाओं की मांग, सम्मान और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लागू किया गया। उन्होंने महिला सुरक्षा, सम्मान और आर्थिक सशक्तीकरण के लिए राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों को भी रेखांकित किया।
उन्होंने कहा कि महिला आयोग महिलाओं की समस्याओं के समाधान और उन्हें न्याय दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ‘शक्ति संवाद’ जैसे कार्यक्रम विभिन्न राज्यों को अपने अनुभव, नवाचार और बेहतर कार्यप्रणालियां साझा करने का अवसर प्रदान करते हैं।
बिहार की ऐतिहासिक धरती पर ‘शक्ति संवाद’ का आयोजन महत्वपूर्ण : विजया रहाटकर
राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष श्रीमती विजया रहाटकर ने अपने विशेष संबोधन में बिहार की ऐतिहासिक एवं पर्यटन की दृष्टि से समृद्ध धरती राजगीर में ‘शक्ति संवाद’ के आयोजन को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने बिहार की ऐतिहासिक विरासत और पर्यटन की समृद्ध परंपरा का उल्लेख करते हुए देश के विभिन्न राज्यों से आए महिला आयोगों के अध्यक्षों, सदस्यों, सदस्य सचिवों एवं प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि बिहार की धरती पर इतने बड़े स्तर पर ‘शक्ति संवाद’ का आयोजन महिला अधिकारों से जुड़े विषयों पर राज्यों के बीच संवाद और सहयोग को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
श्रीमती रहाटकर ने कहा कि राष्ट्रीय महिला आयोग एवं राज्य महिला आयोग ऐसी संस्थाएं हैं, जहां महिलाएं अपनी परेशानी के अंतिम पड़ाव पर एक उम्मीद लेकर पहुंचती हैं और वहां उन्हें समाधान की आस मिलती है। उन्होंने कहा कि आयोगों की जिम्मेदारी है कि महिलाओं की समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ सुना जाए और उन्हें उचित मार्गदर्शन एवं समाधान उपलब्ध कराया जाए।
उन्होंने महिलाओं को उनके अधिकारों, कानूनों और उपलब्ध शिकायत निवारण तंत्रों के प्रति जागरूक करने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने लेबर कोर्ट सहित विभिन्न कानूनी मंचों और संस्थागत व्यवस्थाओं के बारे में महिलाओं को जानकारी देने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि महिलाओं से संबंधित विभिन्न अधिनियमों एवं कानूनी प्रावधानों की जानकारी महिला आयोगों के प्रतिनिधियों के लिए भी आवश्यक है, ताकि वे जरूरतमंद महिलाओं को सही दिशा में मार्गदर्शन दे सकें।
28 नवंबर को महिला अधिकारों से जुड़े विभिन्न विषयों पर होगा मंथन
‘शक्ति संवाद’ के दूसरे दिन 28 नवंबर को महिला अधिकारों, संस्थागत सुदृढ़ीकरण, प्रभावी शिकायत निवारण और विभिन्न राज्यों के बीच समन्वय से जुड़े विषयों पर संवाद एवं क्षमता निर्माण के सत्र आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम के प्रमुख विषयों में ‘लिव-इन रिलेशनशिप पर न्यायिक परिप्रेक्ष्य’, महिलाओं के अधिकारों और सुरक्षा से जुड़े कानूनी पहलू, जेलों में बंद महिलाओं के अधिकार, कानून से संघर्षरत बच्चों (CCL) से जुड़े मुद्दे तथा मुस्लिम महिलाओं के अधिकार शामिल हैं।
इसके साथ ही राष्ट्रीय महिला आयोग और राज्य महिला आयोगों के बीच संवाद होगा, जिसमें विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधि अपनी प्राथमिकताओं, कार्यप्रणाली में आने वाली चुनौतियों और आवश्यक सहयोग के मुद्दों को साझा करेंगे।
विभिन्न राज्यों के महिला आयोग अपनी सफल पहलों, जनजागरूकता अभियानों, कानूनी हस्तक्षेपों, शिकायत निवारण की व्यवस्थाओं और संस्थागत नवाचारों को भी साझा करेंगे। विषयगत कार्य समूहों के माध्यम से विभिन्न मुद्दों पर सामूहिक चर्चा कर व्यावहारिक सुझाव एवं सिफारिशें तैयार की जाएंगी।
राज्यों के बीच अनुभव और बेहतर कार्यप्रणालियों के आदान-प्रदान का मंच
राष्ट्रीय महिला आयोग के सदस्य सचिव श्री सुदीप जैन ने उद्घाटन सत्र में ‘शक्ति संवाद’ की रूपरेखा एवं उद्देश्य पर प्रकाश डाला। उन्होंने विभिन्न राज्यों के महिला आयोगों के बीच संवाद, अनुभवों के आदान-प्रदान और संस्थागत सहयोग को मजबूत करने के महत्व को रेखांकित किया।
बिहार राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष श्रीमती अप्सरा ने स्वागत संबोधन में देश के विभिन्न राज्यों से आए प्रतिनिधियों का स्वागत किया।
राष्ट्रीय महिला आयोग की संयुक्त सचिव श्रीमती अनीता शाह अकेला ने धन्यवाद ज्ञापन किया।
उद्घाटन सत्र में लोकसभा सांसद श्री कौशलेंद्र कुमार सहित विभिन्न राज्यों के महिला आयोगों के अध्यक्ष, सदस्य, सदस्य सचिव एवं अन्य प्रतिनिधि तथा संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
‘शक्ति संवाद’ का उद्देश्य देश के विभिन्न राज्य महिला आयोगों को एक साझा मंच उपलब्ध कराना है, जहां महिला अधिकारों, सुरक्षा, सशक्तीकरण, शिकायत निवारण तथा संस्थागत चुनौतियों से जुड़े विषयों पर अनुभव और विचार साझा किए जा सकें तथा राज्यों के बीच बेहतर समन्वय एवं सहयोग को मजबूत किया जा सके।
।
Samrat Choudhary
CMO Bihar
Shrawon kumar
National Commission for Women
Dr. Shweta Gupta
Social Welfare Department, Government of Bihar
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
#महिलासशक्तिकरण #महिलासुरक्षा #महिलासंरक्षण #राष्ट्रीय_महिलाआयोग #बिहारसरकार
Nalanda, Bihar | Nov 27, 2026