सेवा संकल्प अभियान के तहत एसएन कॉलेज में नवाचार और उद्यमिता पर गतिविधियां आयोजित
---
प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, श्री नीलकंठेश्वर शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, खंडवा में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विद्यार्थियों में नवाचार, रचनात्मकता, उद्यमिता एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने के उद्देश्य से विभिन्न गतिविधियाँ आयोजित की गईं। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सोमपाल सिंह ने बताया कि कार्यक्रम में हैकाथॉन एवं नवाचार, सामाजिक समस्याओं के समाधान हेतु नवीन विचारों की प्रस्तुति, मॉडल प्रदर्शन, पोस्टर प्रदर्शनी तथा जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार के लिए सोशल मीडिया रील निर्माण जैसी गतिविधियाँ शामिल रहीं।उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों ने विज्ञान, प्रौद्योगिकी, पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक विकास से जुड़े विषयों पर नवाचारी विचार और मॉडल प्रस्तुत किए। इनमें मंगलयान-3 की परिकल्पना एवं अंतरिक्ष अनुसंधान, सौर पैनल के माध्यम से स्वच्छ ऊर्जा, स्मार्ट सिटी, आंगनवाड़ी व्यवस्था का सुदृढ़ीकरण तथा जनजातीय समुदाय की स्वस्थ जीवनशैली जैसे विषय प्रमुख रहे। प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने वैज्ञानिक दृष्टिकोण, सतत विकास, ऊर्जा संरक्षण और जनजातीय समुदाय के स्वास्थ्य से संबंधित समस्याओं के समाधान सुझाए। उन्होंने बताया कि उद्यमिता को प्रोत्साहित करने के लिए विद्यार्थियों ने तुलसी अर्क, एलोवेरा जेल, मोरिंगा पाउडर एवं नीम पाउडर जैसे उत्पाद भी तैयार कर प्रदर्शित किए। इन उत्पादों के माध्यम से स्थानीय संसाधनों के उपयोग, स्वरोजगार और प्राकृतिक संसाधनों पर आधारित व्यावसायिक संभावनाओं को रेखांकित किया गया।
छोटे विचार बन सकते हैं बड़े उपक्रम
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सोमपाल सिंह ने कहा कि विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ नवाचार, कौशल विकास एवं उद्यमिता की दिशा में भी आगे बढ़ना चाहिए। विद्यार्थियों के छोटे-छोटे विचार भविष्य में बड़े व्यावसायिक उपक्रमों और सामाजिक बदलाव का आधार बन सकते हैं। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय में इन्क्यूबेशन सेंटर की अवधारणा विद्यार्थियों के नवाचारी विचारों को व्यावहारिक स्वरूप देने और स्टार्टअप एवं स्वरोजगार की संभावनाओं को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। इस दौरान कार्यक्रम में डॉ. अर्चना मोरे, डॉ. अर्पणा अग्रवाल, डॉ. सोनू सेन, वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. गणेश प्रसाद दावरे, श्री अमित कुमार अब्राहम, डॉ. नेहा सोलंकी, डॉ. रवि व्यास, डॉ. सीमा शुक्ला, प्रो. विकास उपाध्याय एवं प्रो. विपिन जैन ने सहभागिता प्रदान की।
Jansampark Madhya Pradesh
Department of Higher Education, Madhya Pradesh
#SevaSankalpAbhiyan
#सेवा_संकल्प_अभियान
#khandwa
21 views | Khandwa, Madhya Pradesh | Oct 16, 2026