धोली खान में गरीब नवाज मार्बल माइंस में खनन पर रोक - वरिष्ठ सिविल न्यायाधीश धर्मेन्द्र कुमार शर्मा ने दिए आदेश
.
.
.
राजसमंद। बोरज पंचायत क्षेत्र में सार्दुल खेड़ा के पास धोली खान स्थित गरीब नवाज मार्बल माइंस में मार्बल खनन पर न्यायालय ने रोक लगा दी है। दरअसल वरिष्ठ सिविल न्यायाधीश राजसमंद धर्मेन्द्र कुमार शर्मा ने स्थगन आदेश दिया हैं, जिस पर खान एवं भू विज्ञान विभाग की टीम ने खननकर्ता कंपनी को पाबंद भी कर दिया है। एडवाेकेट सम्पत लड्ढा ने बताया कि संतोषीनगर कांकरोली निवासी इकरामुद्दीन सिलावट, मास्टर मार्बल ने गरीब नवाज मार्बल माइंस मालिक रमजान खां वगेरह के खिलाफ वरिष्ठ सिविल न्यायालय राजसमंद में मुकदमा दर्ज कराया था। बताया कि माइंस की विवादित जमीन उनकी पुश्तैनी है, जिस पर पूर्वजों का कब्जा रहा। सार्दुल खेड़ा के आराजी नंबर 393 व 411 में जमीन टीनेंस एक्ट आने के बाद सरकार के नाम दर्ज हो गई, मगर पूर्वजो का जारी माफी पट्टा से अधिकार आज भी है। ऐसे में बिना अनापत्ति प्रमाण पत्र के खान विभाग द्वारा खनन पट्टा दिया, जो गलत है। हालांकि विपक्षी ने इस बात को निराधार बताया। इस पर न्यायाधीश ने वाद के अंतिम निस्तारण होने तक मौके की स्थिति को यथावत बनाए रखने के लिए सार्दुल खेड़ा स्थित आराजी संख्या 411 व 393 पर खनन रोकने के लिए स्थगन आदेश दिए। इस पर खान एवं भू विज्ञान विभाग के खनि अभियंता जिनेश हुमड़ ने विशेष आदेश जारी करते हुए गरीब नवाज मार्बल माइंस पर खनन रोकने के लिए माइंस मालिक व प्रबंधन को पाबंद कर दिया हैं।
#Rajsamandnews
#mining
#jaivardhannews