कोटा में दुष्कर्म के दो आरोपी गिरफ्तार, दो अलग अलग मामलों में कार्रवाई
पहले मामले में इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती, दूसरे में 14 वर्षीय बेटी के लापता होने पर पिता ने जताया दुष्कर्म का शक; दो अलग-अलग मामलों में पुलिस ने दबोचे आरोपी।
कोटा। शहर में नाबालिग बालिकाओं के खिलाफ अपराधों पर कार्रवाई करते हुए अनंतपुरा थाना पुलिस ने दुष्कर्म के दो अलग-अलग मामलों में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक तेजस्विनी गौतम के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।
इंस्टाग्राम पर हुई बातचीत, फिर नाबालिग को ले गया झालावाड़
पुलिस के अनुसार पहले मामले में 26 अक्टूबर 2026 को एक नाबालिग बालिका ने थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बालिका ने बताया कि वह कक्षा 9वीं में पढ़ती है और इंस्टाग्राम पर उसकी बातचीत मनीष यादव से होती थी। इसी दौरान घर में डांट पड़ने के बाद वह गोवा पार्क पहुंच गई, जहां से आरोपी उसे अपने साथ झालावाड़ जिले के मंडावर ले गया। पीड़िता ने आरोपी पर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाने का आरोप लगाया। बाद में आरोपी उसे झालावाड़ बस स्टैंड पर छोड़कर चला गया।
इस मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी मनीष यादव (20) निवासी यादव मोहल्ला, मंडावर, जिला झालावाड़ को गिरफ्तार कर लिया।
14 वर्षीय बेटी के लापता होने पर पिता ने दर्ज कराया मामला
दूसरे मामले में 8 नवंबर 2026 को एक पिता ने अनंतपुरा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। उसने बताया कि उसकी 14 वर्षीय बेटी घर से अपने दस्तावेज लेकर गई थी और वापस नहीं लौटी। पिता ने रवि नायक और विक्की नाम के व्यक्तियों पर बेटी को बहला-फुसलाकर ले जाने और उसके साथ गलत काम होने का संदेह जताया।
पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की। अनुसंधान और तलाश के बाद पुलिस ने आरोपी रवि नायक (24) निवासी डामर प्लांट के पास, क्रेशर बस्ती, अनंतपुरा को गिरफ्तार कर लिया।
विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्यों से आरोपियों तक पहुंच बनाई
दोनों मामलों में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुभाष मिश्रा, आरपीएस वृत्ताधिकारी उदय सिंह मीणा और अनंतपुरा थानाधिकारी महेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की। पुलिस ने मुखबिर तंत्र और तकनीकी सहायता से आरोपियों की तलाश की और अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर उन्हें गिरफ्तार किया।
फिलहाल दोनों मामलों में पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर आगे का अनुसंधान कर रही है। पुलिस का कहना है कि नाबालिग बालिकाओं के विरुद्ध अपराधों में आरोपियों की धरपकड़ के लिए अभियान जारी रहेगा।
Sangod, Kota | Nov 11, 2026