कोटा थोक फल-सब्जी मंडी में बदमाशो का आतंक, तलवार लहराकर व्यापारियों को दी जान से मारने की धमकी
कोटा के छावनी स्थित एरोड्रम सर्किल की थोक फल-सब्जी मंडी में बदमाशों की दबंगई का मामला सामने आया है। कैलाश फ्रूट्स एंड वेजिटेबल कंपनी के नाम से संचालित दुकान नंबर B-65 के मालिक महेश मीणा ने गुमानपुरा थाने में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, 10 नवंबर की रात करीब 11 बजे महेश मीणा अपने मुनीम कोमल मीणा के साथ दुकान पर बैठकर हिसाब-किताब कर रहे थे। इसी दौरान 4 से 5 युवक दुकान के बाहर पहुंचे। आरोप है कि इनमें शाहरुख उर्फ ढिबरी और साबिर उर्फ भूरी भी शामिल थे। एक युवक के हाथ में नंगी तलवार थी।
आरोप है कि बदमाशों ने दुकान के बाहर से महेश मीणा और उनके मुनीम को जातिसूचक गालियां दीं। साथ ही मुनीम को तलवार से काटने की धमकी दी। शिकायतकर्ता का आरोप है कि बदमाश करीब 10 से 15 मिनट तक तलवार लहराते हुए मंडी में दहशत फैलाते रहे और जान से मारने की धमकी देकर वहां से चले गए।
महेश मीणा ने शिकायत में बताया कि मंडी में रात के समय व्यापारियों का काम चलता है। ऐसे में बदमाशों की इस हरकत से व्यापारी भयभीत हैं और उन्हें अपना कारोबार करने में भी डर लग रहा है।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि कुछ युवक रातभर मंडी में नशा कर व्यापारियों को धमकाते हैं। पीड़ित व्यापारी ने गुमानपुरा थाना पुलिस और प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि मंडी में व्यापारी सुरक्षित माहौल में अपना कारोबार कर सकें।
Sangod, Kota | Nov 11, 2026